मुंबई, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। हास्य अभिनेता कपिल शर्मा का नया शो ‘द कपिल शर्मा शो’ 29 अप्रैल से सोनी एंटरटेंनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित होने वाला है, वहीं कलर्स चैनल ‘कॉमेडी नाइट्स बचाओ’ के बजाय फिल्मकार संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ प्रसारित करने जा रहा है।
कपिल ‘कॉमेडी नाइट्स विद् कपिल’ से मशहूर हुए। लेकिन चैनल के साथ हुए मतभेदों के बाद बाद कपिल अब प्रतिद्वंद्वी चैनल पर ‘द कपिल शर्मा शो’ के साथ लौट रहे हैं।
कपिल ने अपने नए शो का समय ना बदलने का फैसला लिया है। यह रात 9 बजे ही प्रसारित होगा।
इस बीच, कलर्स ने रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा अभिनीत फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ प्रसारित करने का फैसला लिया है।
‘द कपिल शर्मा शो’ में ‘कॉमेडी नाइट्स विद् कपिल’ के किकू शारदा, अली असगर और सुमोना चक्रवर्ती भी शामिल हैं।
कपिल के पहले शो में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान नजर आएंगे।
dharmpath.com dharmpath