नई दिल्ली, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय कबड्डी का बड़ा नाम बन चुके अनूप कुमार अगले महीने से शुरू होने वाले विश्व कप को लेकर खासे उत्साहित हैं और उनका कहना है कि यदि उन्हें विश्व कप टीम में चुना जाता है तो यह उनके करियर का सर्वोच्च मुकाम होगा।
भारत की मेजबानी में अगले महीने शुरू हो रहे कबड्डी विश्व कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा कुछ ही दिनों में की जाएगी।
कबड्डी विश्व कप के लोगो के उद्घाटन और कार्यक्रम की घोषणा के मौके पर अनूप ने कहा कि विश्व कप से पहले चल रहे अभ्यास शिविर में खिलाड़ी काफी मेहनत कर रहे हैं।
अनूप ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “हमारी विश्व कप की तैयारियां काफी अच्छी चल रही हैं। हर खिलाड़ी काफी मेहनत कर रहा है और पसीना बाह रहा है।”
उन्होंने कहा, “अजय ठाकुर के साथ फिटनेस की थोड़ी समस्या है, लेकिन टीम चयन से पहले वह फिट हो जाएंगे।”
कबड्डी के क्षेत्र में अपने योगदान के लिए भारत सरकार द्वारा 2012 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किए गए अनूप 2010 और 2014 में हुए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं।
स्टार स्पोर्ट्स प्रो कबड्डी लीग के दूसरे संस्करण में डिफेंडर और तीसरे संसकरण में रेडर की भूमिका में दिखने वाले अनूप विश्व कप में एक नई भूमिका में नजर आ सकते हैं। उनसे जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह चयनकर्ताओं पर निर्भर करेगा कि वह उन्हें कौन सी जिम्मेदारी देते हैं।
अनूप ने कहा, “मैं विश्व कप में किस भूमिका में नजर आऊंगा यह चयनकर्ताओं पर निर्भर करता है। अभी टीम का चयन होना बाकी है और इसके बाद की पता चलेगा कि मुझे क्या जिम्मेदारी मिलती है।”
गुजरात के अहमदाबाद में होने वाले कबड्डी विश्व कप में मेजबान भारत सहित कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं जिन्हें दो समूहों में बांटा गया है। विश्व कप का आयोजन सात से 22 अक्टूबर के बीच किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath