‘कबाली’ रिलीज, रात से ही सिनेमाघरों के बाहर जुटे प्रशंसक

चेन्नई, 22 जुलाई (आईएएनएस)। सुपरस्टार रजनीकांत अभिनीत मारधाड़ से भरपूर तमिल फिल्म ‘कबाली’ शुक्रवार को रिलीज हो गई, जिसे देखने के लिए प्रशंसकों की भीड़ रात से ही सिनेमाघरों के बाहर जुट गई थी।

यहां फिल्म का पहला शो तड़के करीब चार बजे शुरू हुआ, जिसे देखने के लिए प्रशंसकों की भारी तादाद यहां मौजूद थी।

शहर में पहले शो को देखने के लिए सुपरस्टार के प्रशंसक सिनेमाघरों के बाहर आधी रात से ही जुट गए थे।

काशी थिएटर में पहला शो देखने वाले मदन कुमार ने आईएएनएस से कहा, “हमने पूरी रात बाहर बिताई। हम थलैवर (रजनीकांत को प्रशंसक इस नाम से बुलाते हैं) के बड़े-बड़े कटआउट और बैनरों के साथ गुरुवार रात 11 बजे ही थियेटर के बाहर एकत्र हो गए थे।”

वहीं, रेक्की सिनेमा में पहला शो देखने वाले इंजीनियरिंग तीसरे वर्ष के छात्र सुमंत ने आईएएनएस को बताया, “ऐसा रोज नहीं होता जब आप थलैवर की फिल्म देखते हैं। इसलिए फिल्म रिलीज के पहले दिन का पहला शो देखने को लेकर खास उत्साह है। हम बेसब्री से इसका इंतजार कर रहे थे और पिछले कुछ दिनों में मुश्किल से सो पाए।”

तमिलनाडु के अन्य हिस्सों, मदुरै में फिल्म का पहला शो तड़के तीन बजे शुरू हुआ। यहां इस सप्ताहांत फिल्म 300 से अधिक सिनेमाघरों में लगाई गई है।

पा. रंजीत निर्देशित फिल्म में रजनीकांत डॉन की भूमिका में हैं, जो मलेशिया में तमिलों के हितों के लिए लड़ते हैं।

फिल्म गुरुवार रात मलेशिया और सिंगापुर के अतिरिक्त दुबई तथा अमेरिका के कुछ हिस्सों में भी रिलीज हुई।

फिल्म हिन्दी औ तेलुगू में भी रिलीज हुई है। मलय भाषा में यह फिल्म 29 जुलाई को रिलीज होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493