कब आएगा स्विस बैंक से 80 लाख करोड़ रुपये : कांग्रेस

भोपाल, 9 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने 500 व 1000 के नोट बंद किए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए केंद्र सरकार से सवाल किया है कि स्विस बैंक में जमा 80 लाख करोड़ रुपये कब वापस आएंगे।

यादव ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा कि, “भ्रष्टाचार और कालेधन को लेकर कांग्रेस का रुख और समर्थन केन्द्र के साथ है, किन्तु स्पष्ट नीति के अभाव में लिए गए इस ताबड़तोड़ फैसले ने देश में जहां आर्थिक आपातकाल के हालात उत्पन्न कर दिए हैं, वहीं कारोबारियों, किसानों, गृहणियों और मध्यमवर्ग के सामने परेशानियों का अंबार लगा दिया है।”

उन्होने कहा, “जिन किसानों ने अपनी फसलें हाल ही में बेची हैं और देवउठनी ग्यारस से प्रारंभ विवाह मुहूर्त के दौरान जिन परिवारों ने वैवाहिक समारोहों की पूरी तैयारी कर ली है, उनके सामने तो इस फैसले से मानों पहाड़ सा टूट गया है।”

यादव ने प्रधानमंत्री मोदी से यह भी पूछा है, “केन्द्र के इस निर्णय से क्या अडानियों और अंबानियों का कालाधन भी सामने आएगा?”

यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से प्रतिप्रश्न करते हुए जानना चाहा है कि लोकसभा के दौरान उन्होंने स्विस बैंकों से 80 लाख करोड़ रुपयों से अधिक कालाधन लाने का देशवासियों से वादा किया था, जिसे लाने में वे असफल रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493