लंदन, 3 जून (आईएएनएस)। इंग्लैंड की राष्ट्रीय फुटबाल टीम के मुख्य कोच रॉय हॉगसन का कहना है कि भले ही उनकी टीम गुरुवार को पुर्तगाल के खिलाफ हुए दोस्ताना मुकाबले में कम अंतर से जीती हो, लेकिन यूरो 2016 टूर्नामेंट के लिए अच्छी स्थिति में दिख रही है।
डिफेंडर क्रिस स्मालिंग द्वारा निर्धारित समय की समाप्ति से पांच मिनट पहले (86वें मिनट) हेडर के जरिए किए गए गोल की बदौलत इंग्लैंड ने वेम्बले स्टेडियम में पुर्तगाल को 1-0 से हरा दिया।
इस मुकाबले के 35वें मिनट में ही पुर्तगाल के खिलाड़ी ब्रूनो एल्व्स को केन पर जानलेवा वार करने के लिए लाल कार्ड दिखाकर वापस भेज दिया गया, जिसके कारण टीम को 10 खिलाड़ियों के साथ ही खेलना पड़ा। इस पूरे मुकाबले के दौरान इंग्लैंड के मिडफील्डर और फारवर्ड बेहतरीन प्रदर्शन कर पाने में नाकाम रहे।
इसके बावजूद हॉगसन का कहना है कि वह अपनी टीम के प्रदर्शन से काफी खुश हैं।
ब्रिटिश ऑनलाइन समाचार पत्र ‘इंडिपेंडेंट’ की रिपोर्ट के अनुसार, इंग्लैड के मुख्य कोच ने कहा, “मैं इस बात को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हूं कि हमारी टीम ने अच्छा नहीं खेला।”
हॉगसन ने कहा, “हम सही स्थिती में लग रहे हैं। पूरे मुकाबले के दौरान टीम का मानसिक संतुलन बना हुआ था, लेकिन पुर्तगाल की 11 खिलाड़ियों की टीम के खिलाफ खेलना बेहतर होता।”
कोच ने कहा कि लगातार तीन मुकाबले जीतने के बाद वह अपने फुटबाल खिलाड़ियों की आलोचना नहीं करना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने यह दावा किया है कि इंग्लैंड की रक्षापंक्ति को मजबूत करने के लिए वार्डी और केन को और अधिक मेहनत करनी होगी।
dharmpath.com dharmpath