भुवनेश्वर, 9 दिसम्बर (आईएएनएस)। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दवाब का क्षेत्र धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है, जिससे ओडिशा में जारी बारिश की तीव्रता कम हुई है। इससे किसानों को राहत मिली है, क्योंकि फसलों को अधिक नुकसान से बचाव हुआ है।
हालांकि, बारिश के कारण राज्य में कई जगहों पर धान की फसल को नुकसान पहुंचा है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को बताया कि बंगाल की खाड़ी के पश्चिम में जारी कम दवाब का क्षेत्र अब उत्तर-उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम दिशा की तरफ बढ़ गया है।
आईएमडी की विज्ञप्ति में कहा गया, “यह प्रणाली अब उत्तर-उत्तरपूर्व की तरफ ओडिशा के तटीय इलाकों से हटकर पश्चिम बंगाल और उससे जु़ड़े बांग्लादेश के तटीय इलाकों में बढ़ रही है। अब इसकी तीव्रता अगले 24 घंटों में बरकरार रहने की बहुत कम संभावना है और अगले 12 घंटों के दौरान यह धीरे-धीरे कमजोर हो जाएगा।”
विज्ञप्ति में कहा गया कि अगले 24 घंटों में ओडिशा के तटीय इलाकों तथा आंतरिक भाग के एक या दो स्थानों पर बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
भुवनेश्वर मौसम विभाग के निदेशक सरत चंद्र साहु ने कहा कि बारिश या गरज के साथ छीटें तटीय क्षेत्रों में कई इलाकों में तथा आंतरिक भाग के एक या दो इलाकों में पड़ेंगे, लेकिन बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम हो रही है।
dharmpath.com dharmpath