करप्शन का एटीएम है मप्र सरकार : शाह (लीड-1)

उज्जैन, 8 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को मध्य प्रदेश सरकार को करप्शश्न का एटीएम बताया है।

शाह ने यहां भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, “कमलनाथ सरकार का तो वही हाल है जैसा कहा जाता है कि पूत के पांव तो पालने में दिखने लगते हैं। इस सरकार को चार माह सत्ता में आए हुए और उसने 281 करोड़ रुपये इकट्ठा कर दिल्ली भेज दिए। इस सरकार को किसानों का कर्ज माफ करना था, युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देना था, मगर नहीं दिया। बिजली बिल आधा करने की बात की थी, मगर ज्यों का त्यों है। बिजली (आपूर्ति) जरूर हाफ कर दी।”

राज्य सरकार की नीतियों और पिछले दिनों आयकर विभाग के छापों का जिक्र करते हुए शाह ने कहा, “इस सरकार ने चार माह में 281 करोड़ रुपये इकट्ठा कर भेजे हैं, इस सरकार को 60 माह सत्ता में रहना है। क्या करेंगे ये लोग, इसका भी हिसाब लगा लेना। दूसरी ओर मोदी सरकार की किसान सम्मान निधि का पैसा किसानों को इसलिए नहीं मिल पा रहा है, क्योंकि उसकी सूची भेजने की फुर्सत इस सरकार को नहीं है।”

उन्हांेने आगे कहा, “मध्यप्रदेश की यह कांग्रेस सरकार प्रदेश की जनता की भलाई के लिए नहीं बनी है। यह सरकार कांग्रेस के करप्शन का एटीएम है।”

भाजपा अध्यक्ष ने पाकिस्तान को लेकर अपनाए जा रहे सरकार के रवैये का जिक्र करते हुए कहा, “पाकिस्तान की ओर से गोली आएगी तो यहां से जवाब में गोला जाएगा। ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा। राष्ट्रीय सुरक्षा हमारे लिए चुनावी मुद्दा नहीं है। चुनाव तो आएंगे-जाएंगे, जीतेंगे-हारेंगे। मां भारती की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

कश्मीर को लेकर कांग्रेस के सहयोगी दल नेशनल कांफ्रेंस के बयान का जिक्र करते हुए शाह ने कहा, “राहुल गांधी के साथी उमर अब्दुल्ला कहते हैं कि कश्मीर में दूसरा प्रधानमंत्री होना चाहिए। एक देश में दो प्रधानमंत्री की बात होती है। इस बात पर राहुल बाबा मौन साधे हुए हैं। मोदी जी की सरकार फिर से आने वाली है। अगर कभी भाजपा सरकार में नहीं भी होगी तब भी भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता जब तक तन में प्राण है, कश्मीर को भारत से अलग नहीं होने देगा।”

शाह ने लोगों से आह्वान किया, “उज्जैन से भाजपा उम्मीदवार अनिल फिरौजिया को जिता दो, नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बना दो, कश्मीर से धारा 370 को हटा दिया जाएगा।”

शाह ने कहा, “लोकसभा चुनाव के दौरान मैं पूरे देश में घूमा हूं। जहां भी गया हूं, हर जगह मोदी..मोदी..मोदी का नारा ही सुनाई देता है। यह नारा सिर्फ चुनावी नारा नहीं है। यह किसी नेता की हौसला अफजाई भी नहीं है। यह नारा मोदी जी को देश की सवा सौ करोड़ जनता का आशीर्वाद है।”

शाह ने आगे कहा, “मध्यप्रदेश में 15 साल भाजपा की सरकार रही। शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने प्रदेश को विकसित राज्य बनाया। मोदी जी की केंद्र सरकार ने भी प्रदेश के विकास के लिए पांच सालों में 5.35 लाख करोड़ रुपये दिए। लेकिन कांग्रेस की सरकार ने अपने वादे पूरे नहीं किए।”

उज्जैन लोकसभा सीट के लिए सातवें और अंतिम चरण में 19 मई को मतदान होगा। मतगणना 23 मई को होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493