चेन्नई, 18 जनवरी (आईएएनएस)। द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (डीएमके) के प्रमुख एम. करुणानिधि तमिलनाडु की सरकार की ओर से उनके खिलाफ दायर मानहानि के एक मामले में सोमवार को यहां की एक अदालत में पेश हुए।
करुणानिधि के अदालत में उपस्थिति दर्ज कराने के बाद मामले की अगली सुनवाई के लिए 10 मार्च की तिथि तय की गई।
डीएमके प्रमुख ने बाद में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि तमिलनाडु की सरकार उसके बारे में कुछ भी बोलने या लिखने वालों के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज करा देती है।
उन्होंने कहा, “अपमान क्या है यह न उन्हें (सरकार) पता है, न हमें पता है। केवल सरकार ही बता सकती है कि उसे इसमें क्या अपमानजनक लगता है।”
तमिलनाडु की सरकार ने एक तमिल साप्ताहिक द्वारा प्रकाशित लेख का हवाला देते हुए करुणानिधि के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया था, जिसे पत्रिका ने बयान के रूप में प्रकाशित किया था।
डीएमके प्रमुख ने मामले की सुनवाई के दौरान व्यक्तिगत तौर पर अदालत में पेश होने का फैसला लिया।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि न्याय की हमेशा जीत होगी और लोगों को एकजुट रहना चाहिए।
dharmpath.com dharmpath