मुंबई, 16 जनवरी (आईएएनएस)। कर्नाटक में पार्टी से नाराज बताए जा रहे कांग्रेस विधायक भीमा नाइक ने बुधवार को कहा कि वह पूरी तरह कांग्रेस में हैं और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से किसी ने भी उनसे किसी भी तरह का प्रस्ताव लेकर संपर्क नहीं किया है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “मैं कांग्रेस में हूं। मेरे पास कोई प्रस्ताव नहीं आया है। मैं अपनी पार्टी के नेताओं के संपर्क में हूं।”
बेल्लारी जिला की हगारीबोम्मानहल्ली विधानसभा सीट से निर्वाचित नाइक उन 5-6 कांग्रेस विधायकों में से हैं जो कांग्रेस-जद (एस) गठबंधन सरकार के हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार में मंत्री नहीं बनाए जाने से कथित रूप से पार्टी से नाराज बताए जा रहे हैं।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि भाजपा उनकी सरकार को गिराना चाहती है और अपनी इस योजना के तहत पार्टी ने अपने लगभग 100 विधायकों को गुरुग्राम में एक आलीशान होटल में रोका हुआ है।
dharmpath.com dharmpath