कर्नाटक मंत्रिमंडल में होगा फेरबदल

बेंगलुरू, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)। कर्नाटक में जनता दल सेक्युलर के साथ सत्तारूढ़ कांग्रेस ने उन आठ मंत्रियों की सूची की घोषणा की है, जो मंत्री के तौर पर शपथ लेंगे।

पार्टी के एक पदाधिकारी ने कहा, “पार्टी ने दो मंत्रियों को मंत्रिमंडल से बाहर करने का और आठ नए मंत्रियों को शामिल करने का निर्णय लिया है।”

पदाधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “कांग्रेस विधायक दल के हमारे नेता सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी को मंत्री बनाए जाने वाले आठ पार्टी विधायकों के नामों की सूची और मंत्रिमंडल से बाहर किए जाने वाले दो विधायकों की सूची भेज दी है।”

जैसा की पांच सदस्यीय समन्वय समिति ने 5 दिसंबर को निर्णय लिया था, कांग्रेस 34 सदस्यीय मंत्रिमंडल में से अपने 22 मंत्रियों के कोटे को भर रही है। 12 मंत्री गठबंधन के उसके साथी जनता दल-सेक्युलर (जेडीएस) के हैं।

पदाधिकारी ने कहा, “कुमारस्वामी ने शाम में इन मंत्रियों के शपथ ग्रहण के लिए राज्यपाल वैजुभाई वाला को नामों की सूची सौंप दी है।”

मंत्रिमंडल में विस्तार और फेरबदल की पुष्टि करते हुए कुमारस्वामी ने राजभवन में पत्रकारों से कहा कि उन्होंने राज्यपाल से कांग्रेस विधायकों का शपथ ग्रहण करवाने का आग्रह किया है।

उन्होंने कहा, “इतने कम समय में शनिवार शाम को विधायकों के शपथ ग्रहण के साथ मंत्रिमंडल में विस्तार की इजाजत देने के लिए हमने राज्यपाल से आग्रह किया।”

इसके साथ ही उन्होंने यह बताने से इनकार कर दिया कि उनकी पार्टी गठबंधन मंत्रालय में अपने कोटे से दो रिक्तियों को भरेगी या नहीं।

कांग्रेस से आठ संभावित मंत्रियों के नाम सतीश जरकिहोली, एम.बी. पाटिल, सी.एस. शिवाल्ली, एम.टी.बी. नागराज, बी.टी. तुकाराम, रहीम खान, आर.बी. थिम्मापुर और पी.टी. परमेश्वर नाइक हैं।

नगर निगम प्रशासन मंत्री रमेश जरकिहोली और वन मंत्री आर. शंकर ऐसे दो मंत्री हैं, जिन्हें मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता दिखाया गया है।

वरिष्ठ कांग्रेस विधायक रामालिंगा रेड्डी और रोशन बेग के नाम का विचार मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिए नहीं किया गया, जबकि अन्य वरिष्ठ नेता एच.के. पाटिल को पार्टी के प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493