कर्नाटक : मंत्री का भाजपा पर कांग्रेस विधायकों को खरीदने का आरोप (लीड-1)

बेंगलुरू/नई दिल्ली, 14 जनवरी (आईएएनएस)। कर्नाटक के मंत्री डी.के. शिवकुमार ने सोमवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य के कांग्रेस विधायकों को खरीदने का प्रयास कर रही है।

सिंचाई मंत्री शिवकुमार ने बेंगलुरू में मीडिया को बताया, “हमारे तीन विधायक मुंबई में हैं। हम (कांग्रेस) भाजपा द्वारा की जा रही खरीद फरोख्त के प्रयास से अवगत हैं। हमारे विधायकों ने भी स्वीकार किया कि भाजपा द्वारा उनसे संपर्क किया जा रहा है।”

उन्होंने आरोप लगाया, “भाजपा विधायकों को खरीदकर जनता दल सेक्युलर (जद-एस) व कांग्रेस की गठबंधन सरकार को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है।”

शिवकुमार ने हालांकि उन विधायकों का नाम नहीं लिया, जिनसे भाजपा ने संपर्क किया है।

उप मुख्यमंत्री जी. परमेश्वरा, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और प्रदेश इकाई के अध्यक्ष दिनेश गुंडु राव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक से पहले कांग्रेस नेता ने मीडिया से यह बात कही।

बैठक किस एजेंडे के लिए हुई थी और उसका क्या परिणाम निकलकर सामने आया, इसका पार्टी नेताओं द्वारा खुलासा नहीं किया गया।

सत्तारूढ़ गठबंधन में साझेदार जद-एस और मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने दावा किया कि सरकार स्थिर बनी रहेगी।

कुमारस्वामी ने मीडिया को बताया, “सभी विधायक हमारे संपर्क में हैं और हम गठबंधन सरकार की स्थिरता सुनिश्चित कर रहे हैं।”

इस बीच, भाजपा ने गठबंधन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए भाजपा पर आरोप लगा रही है।

पार्टी की राज्य इकाई ने ट्वीट कर कहा, “कुमारस्वामी सरकार की दैनिक गतिविधि..सरकार चलाने में अपनी विफलता को छिपाने के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराना। उनमें आपस में सत्ता को लेकर जंग चल रही है।”

नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए भाजपा की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी.एस. येदियुरप्पा ने विधायकों की खरीद-फरोख्त के कांग्रेस के आरोपों को बेतुका करार दिया।

येदियुरप्पा ने नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया, “खरीद-फरोख्त के ये आरोप केवल अफवाह हैं और इनमें कोई सच्चाई नहीं है।”

दक्षिणी राज्य के भाजपा सांसद और विधायक अप्रैल-मई में आगामी लोकसभा चुनाव से पहले अपने नेतृत्व से मिलने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में हैं।

225 सदस्यीय विधानसभा में अध्यक्ष सहित कांग्रेस के 80 विधायक हैं जबकि 37 विधायक जद-एस के हैं। विधानसभा में भाजपा के 104 विधायक हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493