बेंगलुरू, 2 जून (आईएएनएस)। अधिकारियों ने गुरुवार को कर्नाटक राज्य पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष वी. शशिधर को शोषण, कम वेतन व कामकाज की खराब परिस्थितियों के विरोध में चार जून को हड़ताल करने की योजना बनाने के मामले में गिरफ्तार किया।
बेंगलुरू के पुलिस आयुक्त एन.एस. मेघारिख ने कहा, “येलहनका न्यू टाउन पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और कर्नाटक पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष शशिधर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें एक स्थानीय अदालत के समक्ष पेश किया गया, जिसने उन्हें 16 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।”
कर्नाटक सरकार ने मंगलवार सुबह विरोध-प्रदर्शन की योजना बनाने के खिलाफ सख्त चेतावनी दी थी और राज्य में सार्वजनिक व्यवस्था एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए एसेंशियल सर्विसेज मेंटेंनेंस एक्ट (एस्मा) लागू कर दिया था।
सरकार के चेताने के बावजूद कर्नाटक राज्य पुलिस एसोसिएशन ने शनिवार को एक साथ छुट्टी पर जाने का फैसला लिया। कर्नाटक राज्य पुलिस एसोसिएशन में 60,000 सिपाही शामिल हैं।
शशिधर का आरोप है कि सिपाहियों को छुट्टी की उचित व्यवस्था के बिना अनियमित एवं अधिक घंटों तक काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है और वरिष्ठ अधिकारी उनका उत्पीड़न कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath