कलाम वाहिनी के बच्चों ने राष्ट्रपति से मुलाकात की

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। ‘डॉ. कलाम संदेश वाहिनी विजन 2020’ बस द्वारा रामेश्वरम से राष्ट्रपति भवन पहुंचे बच्चों ने रविवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि डॉ. कलाम आज तक की सबसे महान शख्सियतों में से एक रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह डॉ. कलाम और एक वैज्ञानिक, एक विद्वान तथा भारत के राष्ट्रपति के रूप में उनकी महान उपलब्धियों को नमन करते हैं।

कोविंद ने कहा कि किसी भी देश के युवाओं के चरित्र का निर्माण करने के सर्वश्रेष्ठ तरीकों में एक तरीका उन्हें महान हस्तियों की जीवन गाथाओं को पढ़ने के लिए प्रेरित करना है।

राष्ट्रपति ने कहा, “डॉ. कलाम भारत के सबसे महान दूरद्रष्टाओं में एक थे और उन्हें श्रद्धापूर्वक ‘भारत के मिसाइल मैन’ तथा ‘लोगों के राष्ट्रपति’ के रूप में याद किया जाता है। उन्होंने दिल के लिए किफायती स्टेंट या पोलियो पीड़ितों के लिए हल्के वजन की नली (कैलिपर्स) की डिजाइन तैयार करने से लेकर नाभिकीय प्रौद्योगिकी तक विभिन्न क्षेत्रों में अपनी भागीदारी के माध्यम से भारत की वैज्ञानिक विरासत में ऐतिहासिक योगदान दिया है।”

राष्ट्रपति ने कहा कि डॉ. कलाम संदेश वाहिनी बस डॉ. कलाम की जीवन गाथा को बहुत ही मनोरंजक तरीके से प्रस्तुत करती है। उन्होंने इस अभिनव प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसा है कि बड़ी संख्या में भारत के लोगों, खासकर, युवाओं को डॉ. कलाम के जीवन, उनकी कृतियों एवं उनके विजन पर आधारित चलंत प्रदर्शनी को देख कर लाभ पहुंचा होगा।

उल्लेखनीय है कि डॉ. कलाम संदेश वाहिनी हाउस ऑफ कलाम एवं चिन्मय विश्वविद्यालय द्वारा आरंभ की गई है। वाहिनी में डॉ. कलाम के जीवन की विभिन्न घटनाओं तथा भारत की प्रमुख वैज्ञानिक उपलब्धियों का चित्रण किया गया है, जिसका उद्वेश्य आम लोगों को शिक्षित और प्रेरित करना है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 27 जुलाई, 2017 को डॉ. कलाम स्मारक के उद्घाटन समारोह के दौरान रामेश्वरम में इस बस को हरी झंडी दिखाई थी। यह वाहिनी विभिन्न राज्यों से गुजरती हुई अंत में नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन पहुंची है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493