मुंबई, 24 फरवरी (आईएएनएस)। वीडियो जॉकी (वीजे) साइरस साहूकार एक नया ऑनलाइन शो ‘द बेंच’ शुरू किया है। उन्होंने कहा कि डिजिटल मंच में कलात्मक भावनाएं शुद्ध रूप में सामने आती हैं, क्योंकि वहां सीमा की बाध्यता नहीं होती।
साइरस ने आईएएनएस को एक साक्षात्कार में बताया, “अब ज्यादा लोग इंटरनेट को मंच के रूप में चुन रहे हैं। ब्लॉग लिखने वाले, लेखक अपने विचार साझा करते हैं। लोग मजेदार, दिलचस्प वीडियो साझा करते हैं। इन सबके साथ कलात्मक भावनाएं शुद्ध रूप से सामने आती हैं, क्योंकि आपके पास सीमाएं नहीं होतीं। मुझे यह मजेदार लगता है। चीजें अब खुल कर सामने आ रही हैं।”
34 वर्षीय साइरस ने अपने दोस्तों रिया कपूर और बूलानी के साथ मिलकर पिछले साल हंबल पाई प्रोडक्शन नाम से एक प्रोडक्शन कंपनी शुरू की थी, जो इंटरनेट पर खास सामग्री उपलब्ध कराती है।
ऑनलाइन शो ‘द बेंच’ उनके प्रोडक्शन बैनर का पहला शो है। इसमें जानी मानी हस्तियों के साथ साक्षात्कार और कैमरे के पीछे उनकी गतिविधियां, बातें साझा की जाएंगी।
साइरस ने कहा, “शो की शूटिंग के दौरान कैमरे में कैद की गई कई सारी गतिविधियां कभी प्रसारित नहीं की गईं। ‘द बेंच’ उस शो के बारे में है, जो कभी बनाया नहीं गया और उसके साथ सब कुछ बुरा ही हुआ।”
साइरस ने कहा कि उनका शो कोई नकल नहीं है, बल्कि एक कटाक्ष है और डॉक्यूमेंटरी जैसा है।
dharmpath.com dharmpath