श्रीनगर, 18 मई (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के पुलवामा जिले में शनिवार को हुई मुठभेड़ में पिछले वर्ष जवान औरंगजेब का अपहरण कर उसकी हत्या करने वाला एक आतंकवादी समेत तीन आतंकवादी मारे गए। इसके अलावा बारामूला में जवानों ने एक अन्य आतंकवादी को ढेर कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने कहा कि पुलवामा के पंजगाम में मारा गया आतंकवादी शौकत अहमद डार राइफलमैन औरंगजेब के अपहरण और हत्या में शामिल था।
44 राष्ट्रीय राइफल्स के जवान औरंगजेब का पुलवामा के कालामपोरा गांव में उनके निजी वाहन से 14 जून को अपहरण कर लिया गया था। वह तभी पुंछ जिले में अपने परिवार के साथ मिलकर ईद मनाने जा रहे थे। उनका गोली से छलनी शरीर अगले दिन पुलवामा के गुसू गांव में प्राप्त हुआ था।
पंजगाम गांव में शुक्रवार देर रात शुरू हुए मुठभेड़ के बाद शनिवार तड़के हिजबुल के तीन आतंकवादी मारे गए।
शौकत अहमद डार के अलावा इन आतंकवादियों की पहचान इरफान अहमद और मुजफ्फर अहमद के रूप में हुई है।
इसके अलावा एक अन्य मुठभेड़ में बारामूला जिले के हाथलांगू गांव में एक छिपे हुए आतंकवादी ने तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों पर गोली चला दी।
एक अधिकारी ने कहा, “जैसे ही दबिश बढ़ाई गई, छिपे हुए आतंकवादी ने गोलीबारी शुरू कर दी और सुरक्षा बलों ने भी इसका जवाब दिया। गांव से बाहर जाने के सभी रास्तों को बंद कर दिया गया और आतंकवादी को मार गिराया गया। आतंकवादी की पहचान नहीं हो पाई है।”
सोपोर और अवंतीपोरा में मोबाइल इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है। श्रीनगर और जम्मू क्षेत्र के बनिहाल शहर में ट्रेन सेवा को स्थगित कर दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath