कश्मीर : मुठभेड़ में मेजर शहीद, 3 सैनिक घायल, 1 आतंकी ढेर (लीड-3)

श्रीनगर, 17 जून (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के अनंतनाग जिले में सोमवार को आतंकवादियों से मुठभेड़ में सेना के एक मेजर शहीद हो गए और एक आतंकवादी को मार गिराया गया। मुठभेड़ में एक मेजर समेत तीन सैनिक घायल हो गए। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

इससे पहले पुलिस सूत्रों ने कहा था कि अनंतनाग के बिदूरा गांव में मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए और उनके शव को बरामद कर लिया गया। लेकिन, अब कहा है कि घटनास्थल से केवल एक आतंकवादी के शव को बरामद किया गया है।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “सोमवार शाम को समाप्त हुए मुठभेड़ में सेना का एक अफसर शहीद हो गया और एक अधिकारी समेत तीन सैनिक घायल हो गए।”

उन्होंने कहा, “घायल सैनिकों को श्रीनगर शहर में सेना के बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बिदूरा गांव में छिपे आतंकवादी और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी के दौरान गंभीर रूप से घायल मेजर ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया।

एक सूत्र ने कहा, “मुठभेड़ स्थल पर फिर से शुरु हुई गोलीबारी के दौरान एक मेजर गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाने के दौरान उनका निधन हो गया।”

राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और राज्य पुलिसकर्मियों के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना के बाद अचबल क्षेत्र के बिदूरा गांव की घेराबंदी की, जिसके बाद दोनों पक्षों में मुठभेड़ शुरू हो गई।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “मारे गए आतंकवादी के शव को बरामद कर लिया गया है और उसकी पहचान की जा रही है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493