श्रीनगर, 19 दिसंबर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। दोनों 11 दिसंबर को जिले में एक बैंक के दो सुरक्षाकर्मियों की हत्या के लिए जिम्मेदार थे।
पुलिस ने मंगलवार को कहा कि सुरक्षाबलों द्वारा आतंकवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में शोपियां जिले के बटमुरन गांव में दो आतंकवादी मारे गए और इस दौरान एक महिला की भी मौत हो गई।
मुठभेड़ के दौरान घटनास्थल के पास प्रदर्शन कर रहे नौ प्रदर्शनकारी घायल हो गए।
पुलिस के प्रवक्ता ने मीडिया को बताया, “मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के दो आतंकवादी मारे गए। उनकी पहचान बटमुरन गांव के तनवीर अहमद और विदेशी आतंकवादी अली इलियास कारी के रूप में हुई है। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी और एक जवान घायल हो गए।”
उन्होंने कहा, “तीसरा आतंकवादी अंधेरे का फायदा उठा कर फरार हो गया।”
मारे गए आतंकवादियों ने शोपियां जिले में 11 दिसंबर को बैंक के दो सुरक्षाकर्मियों को मार दिया था।
प्रवक्ता ने कहा, “मुठभेड़ के दौरान बटमुरन गांव की एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बाद में उसने पुलवामा के जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।”
dharmpath.com dharmpath