श्रीनगर, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी में तीन दिन से लागू प्रतिबंध को हटाते हुए मंगलवार को इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई।
अधिकारियों ने रविवार को श्रीनगर-बडगाम संसदीय सीट पर उप-चुनाव के तहत मतदान के दौरान भड़की हिंसा के मद्देनजर मोबाइल और लैंडलाइन के जरिए प्रदान की जाने वाली इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी थीं।
निर्वाचन आयोग द्वारा अनंतनाग संसदीय सीट पर बुधवार को उप-चुनाव के तहत होने वाले मतदान को 25 मई तक के लिए स्थगित किए जाने के बाद अधिकारियों ने घाटी में इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दीं।
रविवार को भड़की चुनावी हिंसा के दौरान भीड़ ने 100 के करीब मतदान केंद्रों पर तोड़फोड़ की थी और इस दौरान सुरक्षा बलों की गोलीबारी में आठ लोगों की मौत हो गई थी। रविवार को सिर्फ सात फीसदी मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
निर्वाचन आयोग ने श्रीनगर संसदीय सीट के 38 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान का फैसला किया है। इन मतदान केंद्रों पर अब 13 अप्रैल को फिर से मतदान होगा।
dharmpath.com dharmpath