श्रीनगर, 28 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में में सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम रहा। जलाशयों पर बर्फ की पतली परत कड़ाके की ठंड का अहसास करा रही है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “आगामी दो से तीन दिनों में रात के समय तापमान में और गिरावट आ सकती है। राज्य में तापमान और गिर सकता है।”
श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे, पहलगाम में शून्य से 3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे और गुलमर्ग में शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
बर्फ से पटी पहाड़ियों से ठंडी हवा बहने से घाटी में रात के समय न्यूनतम तापमान हिमांक से नीचे रहा।
लेह में रात के समय न्यूनतम तापमान शून्य से 8.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
इस सीजन में पहली बार कई स्थानों के अधिकांश जलाशयों में बर्फ की पतली परत दिखाई दी, जिससे पता चलता है कि इस बार घाटी में सर्दियां उम्मीद से कहीं अधिक कड़ाके की रहने वाली हैं।
सामान्य तौर पर कश्मीर में दिसंबर के मध्य में जलाशयों में पानी जमने के संकेत दिखाई देते हैं।
अधिकारी ने बताया कि जम्मू में सोमवार को न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि माता वैष्णो देवी आधार शिविर कटरा में न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
अधिकारी ने बताया कि बटोट में रात के समय न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस, बनिहाल में 4.5 डिग्री सेल्सियस और भदरवाह में 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
dharmpath.com dharmpath