कश्मीर में फिदायीन हमले में 3 जवान शहीद, 2 आतंकवादी ढेर (लीड-4)

श्रीनगर, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में एक सैन्य शिविर पर गुरुवार तड़के आत्मघाती हमले में तीन जवान शहीद हो गए, जबकि दो हमलावर भी मारे गए।

हमले में सात अन्य जवान घायल हुए हैं।

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने आईएएनएस को बताया, “नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास गुरुवार तड़के लगभग 4.30 बजे पंजगाम सैन्य शिविर पर फिदायीन हमला हुआ।”

अधिकारियों के मुताबिक, आतंकवादी ‘विदेशी’ थे और उनकी पहचान की जा रही है।

हमले में कानपुर निवासी कैप्टन आयुष यादव (26), राजस्थान निवासी सुबेदार भूप सिंह तथा विशाखापट्टनम निवासी नायक बी.वी.रमन्ना शहीद हो गए।

रक्षा सूत्रों के मुताबिक, हमले में घायल हुए जवानों को इलाज के लिए विमान से श्रीनगर ले जाया गया। खबरों के मुताबिक, दो जवानों की हालत गंभीर है।

दिल्ली में सैन्य अधिकारियों ने कहा कि आतंकवादी सैन्य शिविर की फायरिंग रेंज की बाड़ काटकर अंदर घुसे और हमला किया। उन्होंने ग्रेनेड फेंके और अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी।

अधिकारियों के मुताबिक, कुपवाड़ा जिले के पंजगाम में सेना की नौ से अधिक इकाइयों के शिविर हैं, जो 240,000 वर्गमीटर में फैले हैं।

सैन्य शिविर कुपवाड़ा से लगभग 20 किलोमीटर तथा नियंत्रण रेखा से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

अधिकारियों ने कहा कि हमलावरों को त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) ने रोका, जिसके बाद उनकी आतंकवादियों से 7-10 मिनट तक घमासान मुठभेड़ हुई।

फिदायीन हमलावरों के पास से कम से कम तीन एके 47 एसॉल्ट राइफलें, नौ मैग्जीन, एके 47 के 156 चक्र जिंदा कारतूस, एक चीनी पिस्तौल, पिस्तौल की एक मैग्जीन, एक यूबीजीएल व तीन ग्रेनेड, तीन मैट्रिक्स शीट, दो जीपीएस, एक स्मार्टफोन तथा एक रेडियो सेट बरामद किया गया।

सेना के प्रवक्ता ने कहा कि हमले के दौरान दो आतंकवादी मारे गए, जबकि तीसरा भागने में कामयाब रहा। उसकी तलाश में सघन छापेमारी की जा रही है।

आतंकवादी के शिविर के अंदर छिपने की संभावना के मद्देनजर सेना ने शिविर के अंदर भी एक तलाशी अभियान शुरू किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493