श्रीनगर, 8 फरवरी (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में भारी बर्फबारी के कारण शुक्रवार को चार लोगों की मौत हो गई, और सैकड़ों लोग फंस गए हैं।
राहत दल ने एक हिमस्खलन के मलबे से एक विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) सहित दो लोगों को बचा लिया। यह हिमस्खलन गुरुवार को जवाहर सुरंग के पास हुआ और एक पुलिस चौकी इसकी चपेट में आ गई। इसमें 10 लोग लापता हो गए।
बचाए गए एसपीओ की पहचान कुलगाम जिले के गुलजार अहमद मीर के रूप में हुई है। बाकी आठ लापता लोगों के लिए बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य चल रहा है।
लापता लोगों में छह पुलिसकर्मी, दो अग्निशमन सेवा के कर्मचारी और दो कैदी शामिल थे।
जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग के रामसू-रामबन सेक्टर में दो लोगों की मौत हो गई थी, जिनके शव सुबह ही बरामद कर लिए गए थे। पुलिस सूत्रों ने कहा कि उनकी पहचान पश्चिम बंगाल के संजीत लकड़ा और हिमाचल प्रदेश के प्रमोद मनकोटिया के रूप में की गई है।
अनंतनाग जिले के कोकरनाग इलाके में गुरुवार देर रात हिमस्खलन से एक घर तबाह हो गया, जिसमें रहने वाले एक दंपति की मौत हो गई, लेकिन उनके दो बच्चों को बचा लिया गया है।
जवाहर सुरंग के पास काम करने वाली बचाव टीम ने अपने प्रयासों में तेजी लाने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद मांगी है।
कश्मीर घाटी में कई अन्य स्थानों पर हिमस्खलन की घटनाएं हुईं, लेकिन संचार व्यवस्था में बाधा के कारण जान-माल के नुकसान की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
अधिकारियों ने कुलगाम जिले के वाल्टांगू नार और कुंड के हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों से 78 परिवारों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
मध्य बडगाम जिले के एक गांव में हिमस्खलन के बाद यहां के सात परिवारों को खग पुलिस थाने में स्थानांतरित कर दिया गया है।
वहीं, अन्य 20 परिवारों को गांदरबल से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया।
पिछले 24 घंटों में यहां के ऊंचाई वाले इलाकों में सात-आठ फुट, जबकि मैदानी इलाकों में एक-दो फुट तक बर्फ जमा होने की रपट मिली है।
dharmpath.com dharmpath