कश्मीर में विकास से जुड़ेगा दिलों का नेटवर्क : मोदी (लीड-1)

ऊधमपुर, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में 40 साल तक खूनी खेल चला लेकिन हिंसा से किसी का भला नहीं हुआ। अब सुरंग के निर्माण और विकास से दिलों का नेटवर्क जुड़ेगा।

प्रधानमंत्री रविवार को जम्मू एवं कश्मीर में ऊधमपुर जिले के चेनानी इलाके से रामबन जिले के नाशरी नाला तक 10.89 किलोमीटर लंबी सुरंग का उद्घाटन करने बाद एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

मोदी ने कहा कि कश्मीर के युवाओं को पर्यटन और आतंकवाद में से एक रास्ता चुनना होगा। उन्होंने कहा कि एक तरफ कुछ युवा पत्थर मारने में लगे हैं तो दूसरी तरफ कुछ ने पत्थर काटकर सुरंग बना दी।

उन्होंने कहा, “40 साल से खूनी खेल किसी का भला नहीं कर पाया। केवल मांओं से उनके बेटे को छीना गया।”

मोदी ने कहा, “यह सुरंग कश्मीर के युवाओं के लिए रोगजार के नए द्वार खोलेगी। कश्मीर में ऐसी कई और सुरंगें बनाने की योजना है। इससे हिंदुस्तान से कश्मीर का जुड़ाव केवल रास्तों का ही नहीं होगा बल्कि दिलों का नेटवर्क भी जुड़ेगा।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “कश्मीरियत, इंसानियत, जम्हूरियत के मूलमंत्र के साथ कश्मीर को हम विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। अगर पर्यटन पर ध्यान दिया गया होता तो पूरी दुनिया कश्मीर आना चाहती। सुरंग के निर्माण से कश्मीर में पर्यटन बढ़ेगा।”

उन्होंने प्रदेश की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को केंद्रीय कोष का राज्य के विकास के लिए उपयोग करने पर बधाई दी। उन्होंने आगे मदद जारी रखने का आश्वासन दिया।

मोदी ने कहा, “पिछले साल केंद्र सरकार ने राज्य के लिए 80,000 करोड़ रुपये पैकेज का ऐलान किया था और मैं महबूबा और उनकी सरकार को इस बात के लिए बधाई दूंगा कि वह इस राशि में से आधे का प्रयोग कर चुकी है। इस तरह के पैकेज पर काम शुरू करने में वर्षो लग जाते हैं लेकिन महबूबा सरकार ने प्रशंसनीय कार्य किया है।”

उन्होंने राज्य की पर्यटन संभावनाओं के दोहन की अपील करते हुए घाटी के लोगों से कहा कि प्रदेश की तकदीर बदलने के लिए सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करें।

चेनानी से नाशरी तक बनी यह सुरंग देश की सबसे लंबी सुरंग है। यह विश्वस्तरीय खूबियों के साथ स्मार्ट सुरंग है जिसमें मोबाइल से लेकर इंटरनेट तक काम करता है।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने प्रदेश की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के साथ खुली जीप में सुरंग का जायजा लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493