जम्मू, 5 जून (आईएएनएस)। सेना ने रविवार को कहा है कि जम्मू एवं कश्मीर में उसके सभी आयुध डिपो सुरक्षित हैं। इन प्रतिष्ठानों की सुरक्षा जांच नियमित रूप से की जा रही है।
राज्य में सेना के आयुध डिपो की सुरक्षा पर मीडिया रपटों को लेकर उठे सवालों पर ऊधमपुर स्थित सेना के उत्तरी कमान मुख्यालय के प्रवक्ता कर्नल एस.डी. गोस्वामी ने जम्मू में आईएएनएस से कहा, “सेना जम्मू एवं कश्मीर में स्थित आयुध डिपो के सुरक्षा उपायों को लेकर संवेदनशील है।”
उन्होंने कहा, “नियमित सुरक्षा ऑडिट किए जा रहे हैं और दो जून, 2016 को नवीनतम ऑडिट का आदेश दिया गया था।”
कर्नल गोस्वामी ने कहा, “मीडिया में जारी कुछ खबरों में आग से लड़ने के उपकरणों की कमी पर सवाल उठाए गए हैं। ये खबरें गलत हैं।”
उन्होंने कहा, “आग से लड़ने के उपकरण और उपाय पर्याप्त हैं। सुरक्षा उपायों के उन्नयन के लिए आधुनिक उपकरणों की नियमित खरीदी की जा रही है। अग्निशमन अधिकारियों को भी अपनी भूमिका का नियमित अभ्यास कराया जा रहा है।”
कर्नल गोस्वामी ने कहा, “सेना आयुध डिपो के नजदीक बसे नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। सुरक्षा के उच्चतम मानक सुनिश्चित करने के लिए सभी उपाय किए जा रहे हैं।”
उनकी यह टिप्पणी महाराष्ट्र के पुलगांव में 31 मई को भारतीय सेना के सबसे बड़े आयुध डिपो में लगी भीषण आग के मद्देनजर आई हैं। इस दुर्घटना में दो अधिकारियों सहित 19 लोगों की मौत हो गई थी।
dharmpath.com dharmpath