श्रीनगर, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में मौसम सुधरने के कारण झेलम और इसकी सहायक नदियों का जलस्तर कम हो गया। अधिकारियों ने बताया कि इससे बाढ़ का खतरा कम हो गया है।
इधर, मंगलवार को झेलम और इसकी सहायक नदियों के खतरे के निशान को पार कर जाने के कारण कश्मीर में बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी किया गया था।
बाढ़ नियंत्रण विभाग के एक अधिकारी ने बताया, “जलस्तर गिर गया और अगर मौसम में सुधार होता है, तो झेलम फिर से अपने सामान्य स्तर पर बहना शुरू हो जाएगी।”
स्थानीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले दो-तीन दिनों में शुष्क मौसम के आसार जताए हैं।
श्रीनगर में बुधवार को धूप निकली और मौसम सुहावना रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिनभर साफ मौसम की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने के आसार हैं।”
पहलगाम में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस और गुलमर्ग में दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विभाग के मुताबिक, “लद्दाख क्षेत्र में आसमान बादलों से घिरा रहेगा।”
लद्दाख के कारगिल और लेह शहरों में बुधवार को न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से तीन डिग्री नीचे और शून्य से 4.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
जम्मू में न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath