कश्मीर : हिंसक झड़प में 20 से ज्यादा प्रदर्शनकारी घायल

श्रीनगर, 9 मार्च (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के पुलवामा जिले में गुरुवार को सुरक्षा बलों और नागरिकों के बीच हुई हिंसक झड़प में 20 से ज्यादा प्रदर्शनकारी घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि पुलवामा जिले में गुरुवार को ही इससे पहले हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादियों को मार गिराया गया। इस मुठभेड़ में एक नागरिक की भी मौत हो गई।

पुलवामा जिले के पडगामपुरा में हुई इस मुठभेड़ के बाद युवाओं ने सुरक्षा बलों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी और उनके बीच जमकर हिंसक झड़प हुई।

पुलिस ने बताया कि दो आतंकवादियों और एक नागरिक के मौत की खबर जैसे ही स्थानीय नागरिकों को मिली, युवाओं ने पडगामपुरा गांव की ओर रैली निकाली और सुरक्षा बलों से जाकर भिड़ गए और पत्थरबाजी की।

खबरों के अनुसार, सुरक्षा बलों के साथ हिंसक झड़प में 20 से अधिक प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं। घायलों में से कुछ को गोलियां लगी हैं और कुछ पैलेट गन से घायल हुए हैं।

सुरक्षा बलों और युवाओं के बीच झड़प तो रुक गई है, लेकिन इलाके में तनाव व्याप्त है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493