कश्मीर : हिमस्खलन में 5 मरे, 4 घायल

श्रीनगर, 25 जनवरी (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के गांदरबल जिले में बुधवार को हुए हिमस्खलन में सेना के एक अधिकारी की मौत हो गई और चार अन्य सैनिक घायल हो गए।

इससे पहले कश्मीर घाटी के बांदीपोरा जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास बुधवार को ही हुए हिमस्खलन में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई।

पुलिस ने कहा कि गांदरबल के सोनमर्ग इलाके में एक सैन्य शिविर हिमस्खलन की चपेट में आ गया, जिसमें पांच जवान फंस गए।

हिमस्खलन में फंसे पांचों जवानों को निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया गया। इसमें एक मेजर की मौत हो गई, वहीं चार जवानों को सफलतापूर्वक जिंदा बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, चारों जवान घायल हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।

गुलमर्ग पर्यटन स्थल से 100 किलोमीटर की दूरी पर हुई इस दुर्घटना की पुष्टि करते हुए एक सैन्य प्रवक्ता ने बताया, “तुरंत बचावकार्य शुरू किया गया। सभी जवानों को बचा लिया गया है और वे सुरक्षित हैं।”

प्रवक्ता ने कहा कि इस दुर्घटना में मारे गए अधिकारी की पहचान जल्द ही की जाएगी और उसके परिजनों को सूचित किया जाएगा।

इससे पहले, बांदीपोरा जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास गुरेज के तुलियाल इलाके में हुए हिमस्खलन में हबीबदुल्ला लोन, उनकी पत्नी, बेटी और बेटे की मौत हो गई।

गुरेज तहसील में स्थित हबीबदुल्ला का घर हिमस्खलन की चपेट में आ गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493