o्रीनगर, 12 फरवरी (आईएएनएस)। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में रविवार को हुई मुठभेड़ में चार आतंकवादी मारे गए, और इस दौरान दो जवान भी शहीद हो गए। मुठभेड़ के बाद नागरिकों और सुरक्षाबलों के बीच हुए संघर्ष में एक नागरिक की भी मौत हो गई।
पुलिस ने कहा कि सुरक्षाबलों ने फ्रिसल गांव के एक घर में आतंकवादियों के छिपे होने की सूचना मिलने के बाद गांव को घेर लिया था, जिसके बाद वहां मुठभेड़ शुरू हो गई।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “सुरक्षाबलों की ओर से चुनौती दिए जाने पर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाब में सुरक्षाबलों ने भी कार्रवाई की।” इस दौरान घायल राष्ट्रीय रायफल्स के दो जवानों ने बाद में दम तोड़ दिया।
मुठभेड़ में तीन नागरिक और तीन सैनिक घायल हो गए हैं, जिसमें एक नागरिक अशक ऋषि की बाद में मौत हो गई।
ऋषि की मौत की खबर फैलने के बाद, नाराज गांव वालों ने घरों से निकलकर पथराव शुरू कर दिया। उन्हें तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले छोड़े।
कुछ रपटों के अनुसार, संघर्ष में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों सहित दर्जनों लोग घायल हुए हैं।
आतंकवादियों के शव को मुठभेड़ स्थल से बरामद कर लिया गया है।
सुरक्षाकर्मी इलाके में अन्य आतंकवादियों के छिपे होने की आशंका के मद्देनजर तलाशी अभियान जारी रखे हुए हैं।
dharmpath.com dharmpath