कसौली गोलीबारी में घायल पीडब्ल्यूडी कर्मी की मौत (लीड-1)

शिमला, 13 मई (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के कसौली में अवैध निर्माण गिराने की मुहिम के दौरान एक अतिथि गृह के मालिक द्वारा कथित तौर पर की गई गोलीबारी में घायल लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी गुलाब सिंह की रविवार को मौत हो गई। वह 12 दिनों से जिंदगी की जंग लड़ रहे थे।

गुलाब सिंह एक मई को उस समय गोली लगने से घायल हो गए थे, जब विजय सिंह ने अवैध निर्माण गिराए जाने के लिए तैनात कर्मचारियों पर गोलियां चला दी थी।

गुलाब सिंह को चंडीगढ़ में पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन व रिसर्च रेफर किया गया था, जहां उनकी मौत हो गई।

गुलाब सिंह की मौत पर दुख जाहिर करते हुए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि गुलाब सिंह के परिवार को 500,000 लाख रुपये की वित्तीय मदद दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि परिवार को बाकी के सेवाकाल के लिए पूरा वेतन दिया जाएगा।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि गुलाब सिंह ने सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर होटल मालिकों के अनधिकृत निर्माण को गिराए जाने के आदेश के क्रियान्वयन में अपना कर्तव्य निभाते हुए जीवन कुर्बान कर दिया।

आरोपी को इस घटना के दो दिन बाद उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार कर लिया गया था। वह पुलिस रिमांड पर है।

विजय सिंह ने अधिकारियों पर शीर्ष अदालत के उसके अतिथि गृह में अवैध निर्माण को गिराए जाने के आदेश के क्रियान्वयन पर जोर देने पर गोली चलाई थी।

शीर्ष अदालत ने कसौली इलाके के 13 होटलों व रिसॉर्ट में अवैध निर्माण को गिराए जाने का आदेश दिया था। अदालत ने गोलीबारी की घटना का स्वत: संज्ञान लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493