नई दिल्ली-संसद के बजट सत्र का गुरुवार (5 फरवरी) को सातवां दिन है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दे रहे हैं. स्पीच के दौरान विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी. विपक्षी नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी को बोलने दिया जाए, तानाशाही नहीं चलेगी. इस बीच PM मोदी ने विपक्ष पर तीखे वार किए. उन्होंने कहा, “कांग्रेस की अगुवाई वाले UPA सरकार में PM की अपनी कोई सोच नहीं थी. वोट बैंक की राजनीति होती रही. लेकिन, अब भारत देश नीति के आधार पर चल रहा है.”
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री मोदी को बुधवार शाम 5 बजे लोकसभा में भी स्पीच देनी थी, लेकिन विपक्ष के विरोध चलते स्पीकर ओम बिरला ने भाषण टाल दिया. जिसके बाद लोकसभा में बिना चर्चा के ही धन्यवाद प्रस्ताव पास हो गया.
राज्यसभा में PM मोदी ने अपने भाषण में क्या-क्या कहा?
कांग्रेस पर तंज कसते हुए PM मोदी ने कहा, “लाल किले से कांग्रेस के प्रधानमंत्रियों का जो भाषण है, उसका एनालिसिस कर लो. उनके पास न कोई सोच थी, न विजन था, न इच्छाशक्ति थी. इस कारण देश को भुगतना पड़ा. हमारी काफी शक्ति उनकी गलतियों को ठीक करने में जा रही है. दुनिया की नजरों में छवि है उसे ठीक करने में जा रही है.”
PM मोदी ने कहा, “मेजर इकोनॉमी में भारत की ग्रोथ बहुत हाई है. हाई ग्रोथ और लो इन्फ्लेशन ये यूनिक संयोग है. ये हमारी अर्थव्यवस्था की मजबूती है. जब देश आजाद हुआ, तब हम दुनिया की 6 नंबर की इकोनॉमी थे. लेकिन, इन लोगों ने (कांग्रेस) ऐसा इतिहास करके रखा कि इकोनॉमी 11 नंबर पर पहुंच गई.
PM मोदी ने कहा, “हमने फ्यूचर रेडी पॉलिसी पर जोर दिया है.आज देश नीति के आधार पर चल रहा है। उसके कारण विश्व का विश्वास बनता है. हम रिफॉर्म परफॉर्म के सूत्र को लेकर आगे बढ़े. आज भारत दुनिया के साथ स्पर्धा के लिए पूरी तरह तैयार है.”
PM मोदी ने कहा, “एक सदस्य जिनकी सरकार शराब में डूब गई, जिनके शीशमहल घर-घर में नफरत का कारण बन गए. पता नहीं ब्लैक के साथ उनका क्या पुराना रिश्ता है. ऐसे सभी साथियों से मैं कहूंगा, तुम कितना दुनिया को धोखा दोगे, आईना देख लिया तो अपनी सच्चाई कहां छिपाओगे.”
PM ने कहा- “TMC, कांग्रेस, लेफ्ट, DMK दशकों से केंद्र की सत्ता में रहे हैं. राज्यों की सत्ता में रहे हैं, लेकिन उनकी पहचान क्या बनी. आज डील की चर्चा गौरव से होती है, तब डील के नाम पर बोफोर्स याद आता है. इन्होंने सिर्फ जेब भरने का काम किया.”
PM ने कहा कि आज हम 3 पर जाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. आज कोई भी सेक्टर हो साइंस हो स्पेस हो स्पोर्ट्स हो हर क्षेत्र में भारत आत्मविश्वास से भरा हुआ है.
प्रधानमंत्री ने कहा, “आज पूरा विश्व ग्लोबल साउथ की चर्चा करता है. उसके सूत्रधार के रूप में भारत ग्लोबल मंचों पर ग्लोबल साउथ की आवाज बन गया है. कई देशों के साथ भारत ट्रेड डील कर रहा है. पिछले कुछ समय में 9 बड़े देशों और उसमें एक साथ 127 देशों यूरोपीय यूनियन के साथ भी ट्रेड डील की है.”
प्रधानमंत्री ने कहा कि अमेरिका से ट्रेड डील होने के बाद विश्व को और भरोसा हो गया. इसका सबसे बड़ा लाभ देश के नौजवान को होगा. उनके लिए अवसर ही अवसर है. उनके लिए पूरा विश्व बाजार खुल चुका है.
PM ने कहा, “21वीं सदी का पहला क्वार्टर पूरा हो चुका है. दूसरा क्वार्टर जैसे पिछली शताब्दी में भारत की आजादी की जंग में बहुत ही निर्णायक बना था. मैं साफ साफ देख रहा हूं कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक दूसरा क्वार्टर भी उतना ही सामर्थ्यवान होने वाला है. उतना ही तेज गति से आगे बढ़ने वाला है.”
dharmpath.com dharmpath