लखनऊ, 9 मई (आईएएनएस)। तल्खबयानी के लिए चर्चित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता साध्वी प्राची ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को ‘डिप्रेशन’ का शिकार बताया है। उन्होंने कांग्रेस को ‘कोमा’ में बताते हुए कहा कि वह कभी पुनर्जीवित नहीं हो सकती है। राहुल हालांकि बीच-बीच में इसे ऑक्सीजन देने का काम जरूर करते हैं।
साध्वी प्राची शनिवार को बागपत के बड़ौत में एक कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
साध्वी प्राची ने कहा कि राहुल गांधी डिप्रेशन के शिकार हैं। इससे बाहर निकलने के लिए वे वादियों में घूम रहे हैं। हालांकि, अब कांग्रेस कभी पुनर्जीवित नहीं हो सकती। कांग्रेस पूरी तरह से कोमा में है। राहुल कभी-कभार अपनी पार्टी को ऑक्सीजन देने का काम करते हैं, लेकिन बार-बार असफल ही साबित होते हैं।
साध्वी ने कुछ घंटे के भीतर बेल पर बाहर आए फिल्म स्टार सलमान खान की जमानत पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान की जनता न्याय चाहती है। पिछले 13 साल से जिस परिवार को न्याय की उम्मीद थी, वह महज तीन घंटे में ही टूट गई।
वहीं, उन्होंने नुरुल्ला शरीफ की गैरइरादतन हत्या के दोषी अभिनेता सलमान खान के समर्थन में आए मशहूर गायक अभिजीत भट्टाचार्य पर साध्वी ने जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को चांटा मारकर समाज से बाहर निकाल देना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि सलमान को पांच साल की सजा सुनाए जाने के बाद अभिजीत भट्टाचार्य ने ट्विटर पर लिखा था, “कुत्ते की तरह सड़क पर सोने वाले कुत्ते की मौत ही मरेंगे। यह सड़क गरीबों के बाप की नहीं है।”
dharmpath.com dharmpath