रांची, 24 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और झारखंड विकास मोर्चा-प्रजातांत्रिक (झाविमो-पी) ने रविवार को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए राज्य में गठबंधन की घोषणा की। हालांकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने केवल एक सीट मिलने पर इस गठबंधन का बहिष्कार किया है।
झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन और कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार और झाविमो-पी के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में उपस्थित थे। राजद के किसी भी व्यक्ति ने इस सम्मेलन में भाग नहीं लिया।
शिबू सोरेन ने कहा, “हम गठबंधन में चुनाव लड़ने के लिए सहमत हुए हैं।”
गठबंधन के बारे में जानकारी देते हुए अजय कुमार ने कहा कि कांग्रेस, झामुमो, झाविमो-पी और राजद क्रमश सात, चार, दो और एक लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।
कांग्रेस रांची, लोहरदगा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, चाईबासा व खुटी सीट से, वहीं झामुमो जमशेदपुर, गिरिडीह, राजमहल व दुमका सीट से और झाविमो-पी गोड्डा व कोडरमा सीट से चुनाव लड़ेगी। पलामू सीट राजद के लिए छोड़ी गई है।
लेकिन विधानसभा चुनाव में विपक्षी दल झामुमो नेता हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे। झामुमो अधिकतर विधानसभा सीटों पर लड़ेगा।
हेमंत सोरेन ने कहा, “महागठबंधन केवल लोकसभा के लिए ही नहीं, बल्कि यह विधानसभा चुनाव में भी जारी रहेगा। गठबंधन का गठन करते हुए हमने 2020 में मुस्लिम समुदाय से संबंधित व्यक्ति को राज्यसभा भेजने का फैसला किया है।”
गठबंधन ने उन पार्टी नेताओं को निलंबित करने का भी फैसला किया है, जो लोकसभा चुनाव में किसी भी सीट से बागी उम्मीदवार के रूप में लड़ने की कोशिश करेंगे।
सीट बंटवारे को लेकर राजद की नाखुशी के बारे में पूछे जाने पर अजय कुमार ने कहा कि राजद को पलामू सीट दी गई है।
उन्होंने कहा, “राजद को गठबंधन का हिस्सा बनाने के लिए बातचीत चल रही है।”
राजद नेता संजय यादव ने एक अलग संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चाहे जो हो उनकी पार्टी पलामू और चतरा दोनों सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
कांग्रेस, झामुमो और झाविमो-पी ने लोकसभा चुनाव के लिए एक समन्वय समिति बनाने पर भी सहमति व्यक्त की है।
dharmpath.com dharmpath