नई दिल्ली-भारत की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने मांग की है कि देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें, एसआईआर प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए और “वोटर लिस्ट से हटाए गए 13 करोड़ 30 लाख नामों को जोड़ा जाए.” मंगलवार, 29 सितंबर को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के बाद पास किए गए प्रस्ताव में इन मांगों को शामिल किया गया है.
कांग्रेस कार्यसमिति ने अपने प्रस्ताव में आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की मिलीभगत से आरएसएस-बीजेपी ने पूरी चुनावी प्रक्रिया पर कब्जा कर लिया है. पार्टी ने एसआईआर को ऐसी प्रक्रिया बताया है जिसमें नागरिकों पर उनकी पात्रता साबित करने का बोझ डाल दिया जाता है और मनमाने ढंग से लोगों को मतदान के अधिकार से वंचित किया जाता है.
कांग्रेस ने इंडियन एक्सप्रेस अखबार की उस रिपोर्ट का भी हवाला दिया है, जिसमें दावा किया गया था कि दो चुनाव आयुक्तों- सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में 14 बार चुनाव आयोग के फैसलों को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज करवाई थीं. रिपोर्ट के मुताबिक, आयोग ने दोनों चुनाव आयुक्तों को जानकारी दिए बिना कई फैसले किए.
चुनाव आयोग ने इन सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि किसी भी संस्था में विचार-विमर्श के दौरान अलग-अलग विचार और टिप्पणियां आना एक सामान्य बात है. चुनाव आयोग ने शनिवार, 26 सितंबर को सत्यापन प्रक्रिया में बदलाव करने का एलान किया और कुछ राज्यों में अंतिम सत्यापन की तारीख आगे भी बढ़ाई.
dharmpath.com dharmpath