कांग्रेस ने मोदी के भ्रष्टाचार का मुद्दा 2013 में क्यों नहीं उठाया : केजरीवाल

नई दिल्ली, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को यह सवाल उठाया कि कांग्रेस ने 2013 में गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भ्रष्टाचार का मुद्दा क्यों नहीं उठाया?

आप नेता ने एक वीडियो में कहा कि इसका कारण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच हुआ कोई समझौता हो सकता है।

केजरीवाल की टिप्पणी कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा यह आरोप लगाने के एक दिन बाद आई है कि मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने कॉरपोरेट घरानों से रिश्वत ली थी।

राहुल ने कहा था कि 2013 में कॉरपोरेट घरानों पर आयकर विभाग के एक छापे में मोदी के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए थे।

केजरीवाल ने भी एक महीने पहले यही दावा किया था।

केजरीवाल ने पूछा, “आयकर के छापे के दौरान जब बिड़ला के कागजात में मोदीजी का नाम आया था, उस समय वह भाजपा की ओर केवल प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी थे। उस समय केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। फिर उन्होंने (कांग्रेस) वह मामला तब क्यों नहीं उठाया?”

केजरीवाल ने पूछा, “क्या उस समय भाजपा और कांग्रेस के बीच कोई समझौता हुआ था?”

केजरीवाल प्रधानमंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाते रहे हैं। बुधवार को उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में इस आरोप की जांच कराए जाने की मांग की थी कि मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब उन्हें रिश्वत दी गई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493