नई दिल्ली, 24 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस पार्टी ने बुधवार को राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस ने इसके लिए उन दस्तावेजों का हवाला दिया जो आईपीएल के पूर्व प्रमुख ललित मोदी के समर्थन में दिए गए थे और उनमें वसुंधरा राजे के हस्ताक्षर हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा, “अगस्त 2011 में वसुंधरा राजे ने एक पत्रक लिखा था और इसके आधार पर उन्होंने मांग की थी कि ललित मोदी को इग्लैंड में रहने की अनुमति दी जानी चाहिए।”
उन्होंने कहा कि राजे ने बार-बार झूठ बोला और उस दस्तावेज को खारिज करती रहीं। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, “आज वे दस्तावेज देश के सामने हैं और उनमें उनका नाम है। मैं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह को बता देना चाहता हूं कि यह फर्जी नहीं है, असली हैं।”
उन्होंने कहा, “आज एक बात तो साफ हो गई है कि उन्होंने ललित मोदी के समर्थन में पत्र लिखा था और भाजपा ने कहा था कि अगर इन दस्तावेजों में उनके हस्ताक्षर रहे तो हम निश्चित ही उनका इस्तीफा लेंगे।”
जयराम ने कहा कि ऐसी सरकार जो भ्रष्टाचार मुक्त सरकार का दावा करती हो, और एक प्रधानमंत्री जो कहता हो कि भ्रष्टाचार बिल्कुल भी बर्दास्त नहीं किया जाएगा, वहां पर केवल एक ही विकल्प बचता है कि राजे को अपने पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।
उन्होंने कहा, “कोई भी इस बात से इंकार नहीं कर सकता। इसमें जांच की कोई जरूरत नहीं है। राजस्थान की मुख्यमंत्री को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।”
dharmpath.com dharmpath