कांग्रेस मध्य प्रदेश के किसानों को भड़का रही : राधा मोहन

कोलकाता, 13 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में पुलिस गोलीबारी में पांच किसानों की मौत को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ करार देते हुए केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रही है और राज्य के किसानों को भड़का रही है।

केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के तीन साल पूरा होने को लेकर कोलकाता में आयोजित सबका साथ, सबका विकास कार्यक्रम से इतर मंत्री ने कहा, “घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। लेकिन मुद्दे का राजनीतिकरण करना और किसानों को भड़काना बिल्कुल गलत है।”

उन्होंने मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेतृत्व पर मंदसौर जिले में वाहनों तथा पुलिस थानों को जलाकर हिंसा फैलाने का आरोप लगाया।

मंत्री ने कहा, “कांग्रेस के तीन सांसदों ने अपने कार्यकर्ताओं को वहां पुलिस थानों में आग लगाने का निर्देश दिया। वीडियो में हर कोई इसे देख सकता है।”

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा इटली में अपनी नानी से मिलने जाने को लेकर किए गए ट्वीट पर राधा मोहन ने कहा, “कुछ कांग्रेसी नेता पुलिस थाने जला रहे हैं, तो दूसरे विदेश में अपने नानीघर जा रहे हैं। इसमें कोई संदेह नहीं कि देश के लोग कांग्रेस को खत्म करने के लिए एकजुट होंगे।”

उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान किसानों को सशक्त बनाने पर है और बीते तीन साल में उसने कई लाभकारी योजनाएं शुरू की हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने भी कांग्रेस पर मध्य प्रदेश में किसानों को भड़काने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, “वह (राहुल गांधी) वहां किसानों को भड़काने गए। और अब वह अपने नानीघर (इटली में) जाने की योजना बना रहे हैं। अपने रिश्तेदार से मिलना उनका अपना फैसला है, लेकिन किसानों को भड़काने के पीछे क्या कारण थे?”

इससे पहले राहुल गांधी ने दिन में ट्वीट किया कि वह राजनीति से अवकाश ले रहे हैं और अपनी नानी से मिलने इटली जा रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493