कांग्रेस सिंगापुर की कंपनी के साथ डेटा साझा कर रही : भाजपा (लीड-1)

नई दिल्ली, 26 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कांग्रेस पर उपभोक्ताओं के डेटा सिंगापुर की एक कंपनी के साथ साझा करने का आरोप लगाया। भाजपा ने यह आरोप फ्रांसीसी हैकर इलियट एल्डसन के उस दावे के बाद लगाया है, जिसमें उसने कहा था कि इसका सर्वर भारत के बजाय सिंगापुर में स्थित है।

भाजपा का यह आरोप कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा एक मीडिया रपट का जिक्र किए जाने के एक दिन बाद सामने आया है, जिसमें फ्रांसीसी हैकर इलियट एल्डरसन ने सिलसिलेवार ट्वीट्स के जरिए आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री मोदी के नमो एप के उपभोक्ताओं के ईमेल आईडी, फोटो, लिंग व नाम सहित निजी जानकारियां बिना उनकी इजाजत के तीसरे पक्ष के साथ साझा की जा रही हैं।

भाजपा नेता अमित मालवीय ने कांग्रेस की वेबसाइट की गोपनीयता नीति का स्क्रीनशॉट संलग्न करते हुए ट्वीट किया, “हाय! मेरा नाम राहुल गांधी है। मैं भारत की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी का अध्यक्ष हूं। जब आप हमारे आधिकारिक एप के लिए साइन अप करते हैं तो मैं आपका सभी डेटा सिंगापुर के अपने दोस्तों को दे देता हूं।”

मालवीय भाजपा के राष्ट्रीय सूचना व प्रौद्योगिकी शाखा के प्रभारी हैं। एल्डरसन ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा है कि कांग्रेस भी सिंगापुर में डेटा स्टोर कर रही है। इसके बाद मालवीय ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा की।

फ्रांसीसी हैकर ने कहा, “जब आप आधिकारिक कांग्रेस एंड्रायड एप से सदस्यता के लिए आवेदन करते हैं तो अपका निजी डेटा एक एचटीटीपी (हाइपरटेक्स ट्रांसफर प्रोटोकॉल) अनुरोध के जरिए एनकोडेड रूप में मेंबरशिप डॉट आईएनसी डॉट इन को चला जाता है।”

इसे लेकर कांग्रेस पर हमला करते हुए मालवीय ने कहा कहा, “कांग्रेस को स्पष्ट तौर पर यह बताने के लिए पूरे अंक मिलते हैं कि वे आपका डेटा किसी को भी दे देंगे। इसमें अज्ञात वेंडर, अज्ञात स्वंयसेवकों व इसी तरह के दूसरे समूह शामिल हैं।”

उन्होंने कहा, “जब कांग्रेस कहती है कि वे आपके आंकड़े समान विचारधारा वाले समूहों के साथ साझा करेंगे तो इसके निहितार्थ गंभीर हैं। इसमें नक्सलियों, पत्थरबाजों, भारत के टुकड़े गैंग, चीनी दूतावास से विश्व ‘प्रसिद्ध’ संगठन जैसे कैंब्रिज एनालिटिका शामिल हैं। यह क्षेत्र व्यापक है।”

भाजपा नेता ने कहा, “सोनिया गांधी की ‘बगैर जवाबदेही के सत्ता’ जैसी सूक्ति से प्रेरित कांग्रेस आपका सारा डेटा ले लेगी और उसे दुनिया भर के संगठनों जैसे कैंब्रिज एनालिटिका के साथ साझा करेगी, लेकिन इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेगी। ऐसा उनकी अपनी नीति कहती है।”

इससे पहले भाजपा ने कांग्रेस पर 2019 के चुनाव अभियान के लिए राजनीतिक डेटा विश्लेषक कंपनी कैंब्रिज एनालिटिका की मदद लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करने का आरोप लगाया था।

लंदन की कंपनी कैंब्रिज एनालिटिका पांच करोड़ फेसबुक उपभोक्ताओं के डेटा अनुचित तरीके से इस्तेमाल करने को लेकर विवादों में है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493