कानपुर रेल हादसा : शिवराज ने कानपुर पहुंच जाना घायलों का हाल (लीड-2)

भोपाल, 20 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के पुखरायां रेलवे स्टेशन के पास रविवार की सुबह हुए रेल हादसे में घायल हुए यात्रियों का हाल जानने के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कानपुर के अस्पताल पहुंचे।

उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के साथ उपचार का खर्च उठाने का ऐलान किया।

कानपुर जिले के पुखरायां रेलवे स्टेशन के पास इंदौर से पटना जाने के दौरान हुए हादसे में 100 से ज्यादा यात्रियों की मौत हुई और 200 से ज्यादा घायल हुए। इस गाड़ी में सबसे ज्यादा यात्री इंदौर, भोपाल आदि स्थानों से सवार हुए थे। हादसे की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री चौहान स्वयं कानपुर पहुंचे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, चौहान कानपुर के हैलट अस्पताल पहुंचे, जहां दुर्घटना में घायल यात्रियों को इलाज के लिए भर्ती किया गया है। चौहान ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन में यात्रा कर रहे प्रदेश के यात्रियों को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि घायलों का जीवन बचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। जरूरत पड़ने पर घायलों के इलाज के लिए एयर एंबुलेंस की भी व्यवस्था की जाएगी। इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी।

चौहान ने कहा कि जब तक राहत कार्य चलेंगे, तब तक राज्य शासन के अधिकारी कानपुर में कैंप करेंगे। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत छतरपुर चंद्रमोहन ठाकुर को राहत कार्य समाप्त होने तक कैंप करने के निर्देश दिए, ताकि घायलों और उनके परिजन की मदद हो सके।

चौहान ने कहा कि मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए उन्हें घर भेजने के लिए आस-पास के क्षेत्रों से एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी। जिनके घर दूर हैं उनकी मदद के लिए रेलवे का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने बचाव दल से शोकमग्न परिजन की हर संभव मदद करने को कहा। राज्य शासन द्वारा भेजे गए बचाव दल उन्हें सहयोग करेंगे।

चौहान के निर्देश पर राज्य के जनसंपर्क मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी घायलों का हाल जानने कानपुर पहुंचे।

इससे पहले भोपाल में चौहान ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को प्रदेश सरकार की ओर से दो लाख व गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इसके साथ घायल हुए लोगों के इलाज की मुफ्त व्यवस्था राज्य सरकार करेगी। घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाएगी।

वहीं भोपाल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी आई़ ए़ सिद्दीकी ने संवाददाताओं को बताया, “हादसे का शिकार हुई गाड़ी में भोपाल से कुल 159 यात्री सवार हुए थे, इनमें से 91 यात्री स्लीपर डिब्बे और 68 यात्री वातानुकूलित डिब्बे में सवार थे। इसके अलावा बीना स्टेशन से 12 यात्री आरक्षित डिब्बों में सवार हुए थे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493