संयुक्त राष्ट्र, 6 जनवरी (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून ने शरणार्थियों और आव्रजकों की समस्याओं पर होने वाले संयुक्त राष्ट्र शिखर सम्मेलन के लिए कारेन अबुजायद को विशेष सलाहकार नियुक्त किया है। यह सम्मेलन सितंबर में होगा।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, बान के प्रवक्ता स्टीफेन दुजारिक ने मंगलवार को कहा कि विशेष सलाहकार संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों के साथ मिलकर काम करेंगी। वह सदस्य देशों और प्रासंगिक पक्षों से मिलकर सम्मेलन की तैयारी करेंगी।
दुजारिक ने कहा, “इन जिम्मेदारियों में शरणार्थियों और आव्रजकों के बड़े पैमाने पर आवागमन के मुद्दे पर तैयार हो रही महासचिव की रपट की निगरानी भी शामिल है। यह रपट मई 2016 में महासभा में पेश की जाएगी।”
करेन अबुजायद के पास कई देशों में संयुक्त राष्ट्र के मानवीय और मानवाधिकारों से संबंधित कामों का विस्तृत अनुभव है। 2011 से वह सीरिया मामले में गठित स्वतंत्र जांच आयोग के आयुक्त की भूमिका निभा रही हैं।
dharmpath.com dharmpath