मुंबई, 11 जुलाई (आईएएनएस)। ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’, ‘कॉमेडी सर्कस’ और ‘कॉमेडी क्लासेस’ जैसे मशहूर हास्य शोज में शामिल हो चुके हास्य अभिनेता बलराज सयाल का कहना है कि वह किसी काल्पनिक टीवी शो में अभिनय का प्रस्ताव मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
‘हीर एंड हीरो’ और ‘कबड्डी वंस अगेन’ जैसी पंजाबी फिल्मों में काम कर चुके बलराज ने एक बयान में कहा, “मैं इंतजार कर रहा हूं कि मुझे किसी काल्पनिक शो में अपनी अभिनय प्रतिभा साबित करने का मौका मिले। मैं पंजाबी फिल्मों में काम कर चुका हूं। अब मैं टीवी धारावाहिकों में काम करना चाहता हूं। अगर कोई अच्छा प्रस्ताव मिलेगा, तो मैं उसमें जरूर काम करूंगा।”
बलराज ने कहा, “हास्य ने मुझे वह स्थान दिलाया है, जहां मैं खुद को सफल महसूस करता हूं। मैं जो खाना खाता हूं, जिस घर में रहता हूं..मुझे जो कुछ भी मिला है, वह हास्य के कारण मिला है।”
उन्होंने कहा, “मुंबई आने से पहले मैं पंजाबी फिल्मों में बतौर अभिनेता काम करता था। अब मैं ‘कॉमेडी नाइट्स बचाओ’ जैसे मशहूर धारावाहिकों के लिए लिख रहा हूं। इससे पहले मैंने ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ और ‘कॉमेडी नाइट लाइव’ के लिए भी लेखन किया था।”
dharmpath.com dharmpath