पुणे, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। किंग्स इलेवन पंजाब ने अगले सप्ताह से शुरू हो रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण के लिए अपनी तैयारी शुक्रवार से महाराष्ट्र क्रिकेट संघ (एमसीए) के पुणे स्थित इंटरनेशनल स्टेडियम में शुरू कर दी।
दक्षिण अफ्रीका के ब्यूरेन हेंडरिक्स, भारत के परविंदर अवाना, रिद्धिमान साह, अनुरीत सिंह, शार्दुल ठाकुर, शिवम शर्मा, निखिल नायक और योगेश गोवालकर इस शिविर में हिस्सा ले रहे हैं।
जल्द ही विरेंद्र सहवाग, मनन वोहरा, मुरली विजय और अन्य अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी भी यहां टीम से जुड़ जाएंगे।
टीम द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार पंजाब के मुख्य कोच संजय बांगर, क्षेत्ररक्षण कोच आर. श्रीधर और गेंदबाजी कोच जोए डावेस भी अभ्यास सत्र के दौरान यहां खिलाड़ियों के साथ मौजूद होंगे।
सातवें संस्करण के फाइनल में यह टीम कोलकाता नाइटराइडर्स से हारकर उपविजेता रही थी।
टीम के कोच बांगर ने कहा कि टीम संतुलित और उत्साहित है और खिलाड़ियों की कोशिश जीत का क्रम जारी रखने की होगी।
बांगर के अनुसार, “पिछला सत्र हमारे लिए बहुत अच्छा रहा। हम उसे जारी रखना चाहेंगे। हमारे पास एक संतुलित टीम और सभी कोचिंग स्टाफ भी टीम के प्रदर्शन को लेकर उत्साहित हैं।”
किंग्स इलेवन को टूर्नामेंट का अपना पहला मैच राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 10 अप्रैल को पुणे में खेलना है।
dharmpath.com dharmpath