मुंबई, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। कंगना रनौत का कहना है कि ‘क्वीन’ फिल्म में अपनी अदाकारी के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिलने के बाद जिंदगी बदली नहीं है। लेकिन वह मानती हैं कि लोग अब उनमें भरोसा जता रहे हैं। उन्हें अब नामचीन निर्देशकों से महिला केंद्रित फिल्मों के प्रस्ताव मिल रहे हैं। उन्हें यह बदलाव बढ़िया लगता है।
कंगना यहां गुरुवार को एक मशहूर वेबसाइट की ओर से रखे गए उनके प्रशंसकों को उनसे मिलवाने के एक कार्यक्रम में मौजूद थीं। इस दौरान उन्होंने कहा, “ऐसा नहीं है कि दूसरा राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने के बाद मेरी जिंदगी में कुछ बदल गया है, लेकिन हां यह मेरे करियर का एक मुकाम है। लोगों ने अब मुझमें भरोसा दिखाना शुरू किया है।”
उन्होंने कहा, “मुझे बड़े-बड़े निर्देशकों की ओर से महिला केंद्रित फिल्मों के ढेर सारे प्रस्ताव मिल रहे हैं। ये सभी ऐसे निर्देशक हैं, जिनके साथ मैं हमेशा से काम करना चाहती थी।”
कंगना ने इससे पूर्व ‘फैशन’ फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता था।
उन्होंने कहा, “मैं इस तथ्य की कद्र करती हूं कि मैंने महज 28 साल की उम्र में दो राष्ट्रीय पुरस्कार जीत लिए हैं। मेरे लिए यह बात बहुत मायने रखती है।”
dharmpath.com dharmpath