किम की हत्या के लिए मलेशिया ने 2 महिलाओं पर आरोप लगाया (लीड-1)

कुआलालंपुर, 1 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर कोरिया के शीर्ष नेता किम जोंग-उन के सौतेले भाई किम जोंग-नाम की हत्या के आरोप में गिरफ्तार दो एशियाई महिलाओं पर बुधवार को अभिगोय लगाया गया। अभियोजकों ने यह जानकारी दी।

इंडोनेशिया की सीती एसयाह (25) तथा वियतनाम की दोआन थी हुओंग पर 13 फरवरी को कुआलालंपुर हवाईअड्डे पर किम के चेहरे पर कथित तौर पर घातक रसायन वीएक्स नर्व एजेंट को छिड़कने को लेकर हत्या का आरोप लगाया गया। किम मकाऊ जाने के लिए विमान का इंतजार कर रहे थे।

समाचार एजेंसी योनहाप की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एसयाह तथा हुओंग को अदालत में पेश किया गया। पिछले महीने गिरफ्तारी के बाद सार्वजनिक तौर पर वे पहली बार नजर आईं।

एक घंटे तक चली कानूनी प्रक्रिया के दौरान, दोनों ने पीड़ित की इरादतन हत्या करने से इनकार कर दिया और कहा कि उन्हें लगा कि यह एक प्रैंक है न कि वास्तव में कोई रासायनिक हमला।

पुलिस तथा अभियोजन ने हालांकि खंडन करते हुए कहा कि महिलाओं ने हमले का रिहर्सल किया था और उस रसायन के घातक परिणामों से अच्छी तरह वाकिफ थीं।

अभियोजकों के मुताबिक, अगर दोनों को आरोपों में दोषी पाया जाता है, तो उन्हें मृत्युदंड दिया जा सकता है। मामले की अगली सुनवाई 13 अप्रैल को होगी।

अभियोजक मामले में गिरफ्तार किए गए उत्तर कोरिया निवासी री जोंग-चोल (46) पर आरोप लगाने की योजना बना रहे हैं।

मलेशिया उन चार अन्य संदिग्धों को प्रत्यर्पित करने की मांग कर रहा है, जो घटना के बाद वापस उत्तर कोरिया भाग निकले।

किम की मौत के बाद तनावपूर्ण कूटनीतिक माहौल के बीच संयुक्त राष्ट्र में उत्तर कोरिया के पूर्व राजदूत रि तोंग-इल मंगलवार को मलेशिया पहुंचे और शव को उत्तर कोरिया को सौंपने का आग्रह किया।

दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री युन बयुंग-से ने मंगलवार को किम की हत्या को अंतर्राष्ट्रीय आदेश को चुनौती करार दिया और कहा कि यह उत्तर कोरिया सरकार की अमानवीय प्रकृति को दर्शाती है।

संयुक्त राष्ट्र में मानवाधिकार के उच्चायुक्त जेद राद अल हुसैन के साथ जेनेवा में एक बैठक में युन ने कहा, “उत्तर कोरियाई नेतृत्व को आगे मानवाधिकार उल्लंघन से रोकने के लिए इसे स्पष्ट करना आवश्यक है कि इसके लिए कौन जिम्मेदार है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493