वाशिंगटन, 16 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद के द्वारा की गई किम जोंग-उन की प्रशंसा का बचाव करते हुए कहा कि उत्तर कोरियाई तानाशाह के साथ उनका नया रिश्ता अमेरिकियों को सुरक्षित बना रहा है।
सीएनएन की खबर के मुताबिक, किम के साथ गर्मजोशी भरी मुलाकात के बारे में शुक्रवार को व्हाइट हाउस में सवाल-जवाब के एक सत्र में ट्रंप ने कहा कि वह परमाणु गतिरोध के तनाव को कम कर रहे हैं।
उन्होंने संवाददाताओं को बताया, “मैं एक परमाणु हथियार द्वारा आपको और आपके परिवार को नष्ट होते हुए नहीं देखना चाहता।”
उन्होंने कहा, “मैं उत्तर कोरिया के साथ एक अच्छा संबंध चाहता हूं। मैं कई देशों के साथ अच्छा संबंध चाहता हूं।”
राष्ट्रपति ने कहा, “हमारे बीच अच्छा तालमेल रहा। उन्होंने हमें बहुत कुछ दिया।”
सीएनएन की खबर के मुताबिक, सिंगापुर में किम के साथ अभूतपूर्व और दोस्ताना शिखर बैठक के तीन दिन बाद ट्रंप की यह टिप्पणी आई है।
किम के साथ शिखर बैठक से वापस लौटने के बाद ट्रंप ने किम को मजाकिया, स्मार्ट, बहुत प्रतिभाशाली और अपने लोगों से प्यार करने वाला शख्स करार दिया था।
ट्रंप के मुताबिक, दोनों नेताओं ने व्यक्तिगत तौर पर मानवाधिकार पर चर्चा की थी और किम ने मंगलवार को हुई शिखर बैठक के दौरान अच्छी प्रतिक्रिया दी थी।
dharmpath.com dharmpath