किरण बेदी दिल्ली में होंगी भाजपा उम्मीदवार (लीड-1)

नई दिल्ली, 15 जनवरी (आईएएनएस)। पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं। वह सात फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवार होंगी।

पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली की मौजूदगी में किरण बेदी भाजपा के जन सदस्यता अभियान के लिए जारी किए गए टोलफ्री नंबर डायल कर पार्टी की सदस्य बनीं। उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चा पहले से थी।

अमित ने घोषणा की कि किरण बेदी दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी की उम्मीदवार होंगी। उन्होंने कहा कि अभी इस बात पर फैसला नहीं हो पाया है कि किरण को किस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतारा जाएगा।

भाजपा अध्यक्ष ने इस बाबत टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि किरण बेदी दिल्ली में पार्टी की ‘मुख्यमंत्री चेहरा’ होंगी या नहीं।

उन्होंने कहा, “वह दिल्ली विधानसभा चुनाव जरूर लड़ेंगी, पर भाजपा का मुख्यमंत्री कौन होगा इस बात पर फैसला संसदीय समिति द्वारा किया जाएगा।”

अमित शाह और अरुण जेटली दोनों ने कहा कि किरण बेदी के पार्टी से जुड़ने से दिल्ली में भाजपा को फायदा मिलेगा।

अमित ने कहा, “किरण बेदी के पार्टी से जुड़ने से हम चुनाव के पहले और बाद में लोगों की उम्मीदों को पूरा कर पाएंगे।”

वहीं, किरण बेदी ने कहा कि दिल्ली को स्थिर सरकार की जरूरत है।

पूर्व पुलिस अधिकारी किरण बेदी सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं। वह अन्ना हजारे के नेतृत्व में इंडिया अगेंस्ट करप्शन के बैनर तले भ्रष्टाचार के खिलाफ हुए देशव्यापी आंदोलन से जुड़ी थीं। इस आंदोलन से आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल, प्रशांत भूषण, शांति भूषण और स्वामी अग्निवेश भी जुड़े रहे हैं।

आंदोलन की कामयाबी के बाद केजरीवाल ने जब यह कहना शुरू किया कि देश में बहुत गंदी राजनीति की जा रही है और इसकी सफाई के लिए हमें एक पार्टी बनाकर राजनीति में उतरना होगा, तब अन्ना हजारे और किरण बेदी ने इस पर अपनी असहमति जताई थी।

केजरीवाल ने जब यह कहना शुरू किया कि भ्रष्टाचार के मामले में वह कांग्रेस व भाजपा को एक जैसी पार्टी मानते हैं, तभी से किरण ने उनसे किनारा कर लिया था। किरण का भाजपा की ओर झुकाव है, यह उन्हीं दिनों नजर आने लगा था। इसके बाद उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चा शुरू हो गई थी।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493