किसानों के अधिकारों के लिए लड़ रहा हूं : यशवंत सिन्हा

मुंबई, 5 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा का कहना है कि वह केवल किसानों के अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं और इसके पीछे उनकी कोई राजनीतिक मंशा नहीं है।

सिन्हा को एक दिन पहले सोमवार शाम को महाराष्ट्र के अकोला में विरोध प्रदर्शन का आयोजन करने के लिए हिरासत में ले लिया गया था। उनके साथ 250 किसानों को भी हिरासत में लिया गया था।

वरिष्ठ भाजपा नेता ने समाचार चैनल एनडीटीवी से कहा, “हमने घोषणा की थी कि अगर 24 घंटों के भीतर हमारी मांगें नहीं मानी गईं तो हम कलेक्टर के कार्यालय तक एक मोर्चा निकालेंगे..हम गिरफ्तारी के लिए भी तैयार हो गए थे। हम सभी को पुलिस मुख्यालय में लाया गया..जब तक हमारी मांगें नहीं मानी जातीं, हम कहीं नहीं जाने वाले।”

उन्होंने कहा, “एसपी और कलेक्टर भी वहां थे, लेकिन कोई संतोषजनक समाधान नहीं निकला। प्रशासन यह बताने के लिए तैयार नहीं है कि हम अभी भी हिरासत में हैं या हमें गिरफ्तार कर लिया गया है। हम पुलिस लाइन में हैं।”

उन्होंने साथ ही कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस बारे में कोई बात नहीं हुई है।

उन्होंने कहा, “हम दोनों ही पक्षों में से किसी ने भी एक दूसरे से संपर्क करने की कोशिश नहीं की है।”

उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहते कि वह किसानों के मुद्दे से भटक जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों का मुद्दा सबसे बड़ा मुद्दा है।

उन्होंने कहा, “इसका राजनीति, धर्म या जाति से कोई लेना देना नहीं है। यह केवल और केवल किसानों का मुद्दा है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493