किसान आत्महत्या कर रहा, माल्या विदेश घूम रहा : वरुण

इंदौर, 22 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के फायर ब्रांड नेता और सांसद वरुण गांधी ने अपनी ही केंद्र सरकार पर करारा हमला बोलते हुए कहा है कि बीते दो वर्षो में कर्ज से परेशान 50 हजार से ज्यादा किसान आत्महत्या कर चुके हैं और विजय माल्या 10 हजार करोड़ रुपये लेकर भाग गया और कोई कुछ नहीं कर पाया।

इंदौर के एक निजी विद्यालय के कार्यक्रम में मंगलवार रात हिस्सा लेने पहुंचे वरुण ने बगैर किसी का नाम लिए केंद्र सरकार और उद्योगपतियों पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “छोटे-मोटे कर्ज के चलते बीते दो वर्षो में 50 हजार से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या कर ली, जबकि आंकड़े प्रति वर्ष साढ़े सात हजार किसानों की आत्महत्या की जानकारी देते हैं। वहीं 10 हजार करोड़ रुपये कर्ज लेकर विजय माल्या भाग गया और उसका कोई कुछ नहीं कर पाया।”

उन्होंने आगे कहा कि जिसे विजय माल्या का गारंटर बताया गया, उस मनमोहन के बैंक खाते में मात्र 1100 रुपये है और वह जेल में है, वहीं माल्या विदेश घूम रहा है।

गांधी ने देश की असमानता की ओर इशारा करते हुए कहा, “एक तरफ मुंबई में दो लाख लोग फुटपाथ पर सोते हैं और एक चार सदस्यीय परिवार के पास 27 माले का मकान है। इसी तरह देश में 95 ऐसे लोग हैं, जिनकी संपत्ति पांच हजार करोड़ रुपये से ज्यादा है। वर्ष 1991 तक एक भी व्यक्ति ऐसा नहीं था, जिसकी संपत्ति पांच हजार करोड़ रुपये से ज्यादा रही हो।”

वरुण ने किसानों की घटती आमदनी और देश की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला।

ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में गांधी को भाजपा ने कोई जिम्मेदारी नहीं सौंपी, इससे वह नाराज चल रहे हैं। उनकी यह नाराजगी मंगलवार को खुलकर सामने आई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493