किसान की खुदकुशी पर लोकसभा में हंगामा

नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) की रैली में किसान की खुदकुशी की घटना की गूंज गुरुवार को लोकसभा में भी सुनाई दी। विपक्षी पार्टियों ने इस मसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान और तत्काल चर्चा कराए जाने की मांग की। शोरशराबे के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

विभिन्न पार्टियों के सांसदों ने प्रश्नकाल को स्थगित करने और तत्काल चर्चा कराए जाने के लिए प्रस्ताव पेश किया।

सदन में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण किसान ने सार्वजनिक स्थान पर खुदकुशी कर ली और प्रधानमंत्री से बयान जारी करने की मांग की।

हालांकि, अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने प्रश्नकाल के स्थगन को मंजूरी नहीं दी और कहा कि वह शून्यकाल के दौरान चर्चा की मंजूरी देंगी।

संसदीय कार्य मंत्री एम.वेंकैया नायडू ने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है और गृह मंत्री राजनाथ सिंह भी बयान देंगे।

हालांकि, विपक्ष ने प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी जारी रखी और सरकार से तत्काल चर्चा कराए जाने की मांग की।

इधर, महाजन ने कहा, “कल किसी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की और आज आप इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं।”

इसके बाद उन्होंने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493