मऊरानीपुर में आयोजित जनसभा में राहुल ने कहा कि यदि उनकी पार्टी केंद्र या उत्तर प्रदेश में सत्ता में आती है तो दस दिन के बाद किसानों का सारा कर्ज माफ कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के समय मोदी ने अपने भाषणों में दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ है। इतना ही नहीं, उन्होंने आम जनता के खाते में 15 लाख रुपये भेजने का भी वादा किया था। इन वादों का क्या हुआ?
राहुल ने कहा कि जिस तरह विजय माल्या देश छोड़कर भागे हैं, उसी तरह दूसरे मोदी यानी ललित मोदी भी देश को छोड़कर भाग गए थे। मोदी सरकार इनकी मदद कर रही है।
उन्होंने कहा कि मोदी ने उद्योगपतियों का 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया है, लेकिन कर्ज से दबे किसानों की उन्हें कोई फिक्र नहीं है।
राहुल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से किसानों और गरीबों के हित में काम करती रही है, जबकि भाजपा केवल उद्योगपतियों और अमीरों के लिए काम करती है।
उन्होंने कहा, “पीएम मोदी का अमेरिका और चीन पर पूरा ध्यान है, लेकिन देश पर उनका जरा भी ध्यान नहीं है। देश की जनता परेशान होती है तो हो। उन्हें इससे कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा की कथनी और करनी में कितना अंतर है, इसे देश की जनता समझने लगी है।”
dharmpath.com dharmpath