नई दिल्ली, 4 जनवरी (आईएएनएस)। यहां एक अदालत ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के निलंबित सांसद कीर्ति आजाद द्वारा दिल्ली स्थित क्रिकेटर हिम्मत सिंह और उनके पिता तेजबीर सिंह के खिलाफ कथित रूप से ‘अपमानजनक और झूठे बयान’ देने के मानहानि के मामले का संज्ञान लिया।
महानगर दंडाधिकारी आकाश जैन ने आजाद के खिलाफ आपराधिक मानहानि मामले को सुनवाई के लिए मंजूर करते हुए 22 फरवरी की तारीख तय की।
आजाद और पूर्व क्रिकेटर बिशन सिंह बेदी समेत तीन पूर्व क्रिकेटरों पर यह मामला हिम्मत सिंह के पिता तेजबीर सिंह ने बीते महीने दर्ज कराया था। इसमें कहा गया है कि इन चारों पूर्व खिलाड़ियों ने हिम्मत के खिलाफ यह आधारहीन आरोप लगाया है कि उन्हें 25 लाख रुपया घूस देने पर विजय हजारे टूर्नामेंट के लिए टीम में चुना गया था।
तेजबीर ने मामले में कहा है कि चारों लोगों की आधारहीन और मनगढ़ंत कहानी से हिम्मत और उनके परिवार को बहुत अधिक क्षति पहुंची है।
dharmpath.com dharmpath