कुक ने हैदराबाद में एप्पल का नया कार्यालय शुरू किया (लीड-1)

हैदराबाद, 19 मई (आईएएनएस)। अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी एप्पल ने गुरुवार को हैदराबाद में अपना एक नया कार्यालय शुरू किया। इस कार्यालय में मुख्यत: एप्पल के उत्पादों -आईफोन, आईपैड, मैक और एप्पल वाच के लिए मैप विकास पर काम होगा। इसमें 4,000 लोगों को रोजगार मिल सकता है।

एप्पल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टिम कुक ने मुंबई से यहां पहुंचकर तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के साथ नानकरामगुडा के वेवरॉक परिसर में स्थित इस कार्यालय का औपचारिक उद्घाटन किया।

कुक ने कहा, “एप्पल दुनिया में सर्वश्रेष्ठ उत्पाद और सेवा पेश करना चाहता है। हम हैदराबाद में इस नए कार्यालय को खोलने को लेकर बेहद प्रसन्न हैं। यह कार्यालय मुख्यत: मैप विकास पर काम करेगा।”

कुक ने कहा, “यहां स्थानीय स्तर पर प्रतिभा की भरमार है और हम अपने संबंधों का विस्तार करना चाहते हैं और अपने प्लेटफार्म पर और अधिक विश्वविद्यालयों और साझेदारों को जोड़ना चाहते हैं।”

कार्यालय के उद्घाटन समारोह में कुक ने भारत को एक बेमिसाल देश बताया और कहा कि वह यहां के लोगों की जीवंतता से बेहद प्रभावित हैं।

कुक ने कहा, “हम तेलंगाना के साथ आजीवन मित्रता के लिए यहां आकर बेहद प्रसन्नता महसूस करते हैं।”

कुक ने कहा कि एप्पल ने लोगों के जीवन की बेहतरी के लिए सर्वोत्तम उत्पाद बनाए हैं।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने कहा, “हमें खुशी है कि एप्पल ने अपने मैप्स विकास कार्यालय के लिए हैदराबाद को अपना केंद्र बनाया।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “इससे यहां हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा और यह हमारे सक्रिय रुख, गुणवत्तापूर्ण अवसंरचना और उत्कृष्ट प्रतिभा क्षेत्र का प्रमाण है।”

उद्घाटन से पहले कुक की मुख्यमंत्री के साथ एक बैठक हुई। मुख्यमंत्री के पुत्र और राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री केटी रामा राव, आईटी सचिव जयेश रंजन और कुछ अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस बैठक में मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने इस बैठक में कुक को राज्य की नई औद्योगिक नीति की जानकारी दी और इसके दुनिया में सर्वोत्तम नीति बताया।

रामा राव ने कुक से एप्पल का हैदराबाद में अपना परिसर खोलने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह राज्य एप्पल की विकास यात्रा में साझेदार बनना चाहेगा।

रामा राव ने बाद में ट्वीट पर कहा, “हैदराबाद में अमेरिका से बाहर एप्पल इंक का दुनिया का सबसे बड़ा प्रौद्योगिकी विकास केंद्र बना है।”

उन्होंने कहा, “एप्पल के साथ ही हैदराबाद को अब अमेरिका से बाहर पांच सबसे मूल्यवान प्रौद्योगिकी कंपनियों में से चार का सबसे बड़ा कार्यालय होने का गौरव है। ये कंपनियां हैं – गूगल, एमएस और अमेजन।”

आरएमएसआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनूप जिंदल ने कहा, “एप्पल दुनिया की एक सर्वाधिक नवाचारपूर्ण कंपनी है और हमें खुशी है कि उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना में साझेदारी के लिए हमें चुना है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493